Navi Mumbai International Airport inaugurated by PM Modi
नेटवर्क महानगर/नवी मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, (8 अक्टूबर) को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) का उद्घाटन किया। इस मौके पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी भी पीएम के साथ मौजूद रहे। इस एयरपोर्ट को मुंबई का नया ग्लोबल गेटवे कहा जा रहा है। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से मुंबई, पुणे और कोंकण क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ करीब 3 लाख नए रोजगार पैदा होंगे। इस एयरपोर्ट को 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इस हवाई अड्डे पर शुरुआत में हर साल 2 करोड़ यात्रियों के आवाजाही की उम्मीद जताई जा रही है। एयरपोर्ट पर यात्री उड़ानें दिसंबर से शुरू होंगी।
2018 को पीएम मोदी ने रखी थी आधारशिला
18 फरवरी 2018 को पीएम मोदी ने इस एयरपोर्ट की आधारशिला रखी थी। इस प्रोजेक्ट को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत बनाया गया है। 2021 में प्रोजेक्ट संभालने के बाद से अदाणी समूह (74%) महाराष्ट्र सरकार की एजेंसी सिडको (26%) ने साथ मिलकर इसे बनाया और इसका संचालन और प्रबंधन कर रहा है।
जानें- नवी मुंबई एयरपोर्ट की क्षमता
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) की क्षमता पहले चरण में सालाना 2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। अंतिम चरण में इसकी क्षमता 9 करोड़ यात्रियों तक, पहुंचने का अनुमान है। यह एयरपोर्ट सिर्फ यात्री ही नहीं, बल्कि सालाना 3.25 MMTA (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष) कार्गो भी संभालेगा। जो इसे एशिया का एक शक्तिशाली व्यापार केंद्र बनाएगा।
भव्य और दिव्य है नवी मुंबई एयरपोर्ट!
NMIA में 3700 मीटर लंबे दो रनवे हैं, जो ऐसी आधुनिक प्रणालियों से लैस हैं कि कम विज़िबिलिटी में भी फ्लाइट्स को परेशानी नहीं होगी। आज पीएम मोदी द्वारा किये गए इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद करीब एक महीने के अंदर ही यहां से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस एयरपोर्ट के शुरू होते ही मुंबई, लंदन, न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे दुनिया के चुनिंदा शहरों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा, जहां पर दो बड़े एयरपोर्ट हैं।
करीब 2,866 एकड़ में बना है ये एयरपोर्ट!
यह इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ मुंबई और पूरे पश्चिमी भारत की हवाई यात्रा के लिए एक बड़ी राहत और बूस्ट ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का एक बड़ा उदाहरण भी है। यह एयरपोर्ट नवी मुंबई स्थित उलवे के पास, करीब 2,866 एकड़ में बनाया गया है। इस एयरपोर्ट के बनने से मुंबईवासियों का पिछले 25 सालों का सपना सच हो गया है। भारत का सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट,जो अब हकीकत में बदल चुका है।
नए एयरपोर्ट से मुंबईवासियों को मिलेगी बड़ी राहत
बता दें कि अब तक छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट ही मुंबई की पहचान रहा है, लेकिन यहां इसकी क्षमता से बहुत ज्यादा लोग हर दिन पहुंचते हैं। यात्रियों का बोझ, फ्लाइट्स का कंजेशन और हर दिन करीब 1000 फ्लाइट्स, इसकी डिज़ाइन क्षमता से कहीं ज़्यादा है। CSMIA के दो रनवे हैं, लेकिन उनका इंटरसेक्शन ऑपरेशन्स सिर्फ एक रनवे तक सीमित कर देता है, यही वजह है कि फ्लाइट्स को उतरने के लिए कई बार हवा में चक्कर काटने पड़ते हैं।अब नवी मुंबई में नया एयरपोर्ट बनने से मुंबईवासियों का बड़ी राहत मिलेगी। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने से मुंबई महानगर क्षेत्र में दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट हो जाएंगे, जिससे समय तो बचेगा ही साथ ही एयर-ट्रैफ़िक का दबाव भी आधा हो जाएगा।
मैंने कहा था हवाई चप्पल वाला भी करेगा हवाई सफर
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना गति और प्रगति के साथ लोक कल्याण को सर्वोपरि रखकर साकार हो रहा है। उन्होंने कहा, मैंने कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर पाएगा। इसके लिए हमने उड़ान योजना शुरू की, जिसने आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस एयरपोर्ट से न केवल मुंबई बल्कि पूरे महाराष्ट्र को वैश्विक कनेक्टिविटी मिलेगी। यहां से किसान अपने उत्पादों को मिडिल ईस्ट और यूरोप के बाजारों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और कम लागत में अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा डोमेस्टिक उड़ान हब बन चुका है। सरकारी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के जीवन को आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह एयरपोर्ट विकास, समृद्धि और कनेक्टिविटी का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने बोला कांग्रेस पर करारा हमला
ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की सौगात देने के बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के वक्त जब पूरा देश दर्द में था, तब कांग्रेस ने आतंकियों के सामने घुटने टेक दिए थे। कांग्रेस के एक नेता ने अभी खुलासा किया है कि जब मुंबई हमला हुआ था तो सेना पकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थी, पूरा देश भी यही चाहता था, लेकिन किसी दूसरे देश के दबाव में कांग्रेस सरकार ने देश की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोक दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को बताना होगा कि वह कौन था जिसने विदेशी दबाव में फैसला लिया और मुंबई और देश की भावना से खिलवाड़ किया। ऐसी कौन सी विदेशी ताकत के कहने पर हमला करने से रोका? इसका जवाब देना पड़ेगा?
कांग्रेस नेता और यूपीए सरकार में गृहमंत्री रहे पी. चिदंबरम ने हाल ही में एक इंटरव्यू में माना था कि 2008 मुंबई हमले के समय सेना पाकिस्तान पर एक्शन लेने को तैयार थी, लेकिन तत्कालीन यूपीए सरकार ने उस योजना को रोक दिया था। उन्होंने ये भी कहा था कि अमेरिका की ओर से भी हम पर भारी दबाव था। पीएम मोदी ने इसी बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह स्वीकारोक्ति साबित करती है कि यूपीए सरकार के वक्त राजनीति राष्ट्रहित से ऊपर थी। उन्होंने कहा कि अगर उस वक्त मजबूत और निर्णायक नेतृत्व होता, तो आतंकियों को उसी भाषा में जवाब मिलता। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है। आज का भारत घर में घुसकर मारता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पूरी दुनिया ने भारत की ताकत देखी है।
इस मौके पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, सीएम देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत अन्य नेतागण पीएम मोदी के साथ मौजूद रहे।
