Varsha Gaikwad
नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों को देखते हुए मुंबई कांग्रेस नई कार्यकारिणी बनाई है। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने अपनी बहन और भाई को भी इस कार्यकारिणी में शामिल किया है। पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों को बदलने के साथ नई कार्यकारिणी में 4 वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 34 उपाध्यक्ष और 57 महासचिव को शामिल किया है। फिर भी नई कार्यकारिणी को लेकर मुंबई कांग्रेस के अंदर गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
हिंदी भाषी समाज को प्रतिनिधित्व
नई कार्यकारिणी में हिंदी भाषी समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है लेकिन हिंदी भाषी समाज के नामचीन चेहरे वीरेंद्र उपाध्याय, रत्नेश सिंह, अरविंद त्रिपाठी के अलावा चरण सिंह सप्रा को इसमें कोई स्थान नहीं दिया गया है। वर्षा गायकवाड ने अपनी विधायक बहन डॉ. ज्योति गायकवाड और अपने भाई तुषार गायकवाड को मुंबई कांग्रेस कार्यकारिणी में शामिल जरूर किया है। इस नई लिस्ट को जारी करते ही कांग्रेस में चर्चा गरम हो गई है कि मुंबई कांग्रेस अब गायकवाड परिवार की पार्टी बनकर रह गई है।
इन नेताओं को मिली जगह?
मंगलवार, (7 अक्टूबर 2025) को देर रात दिल्ली से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मुंबई के कार्यकारिणी की लिस्ट जारी की। पॉलिटिकल अफेयर कमेटी में ज्यादातर पार्टी के बुजुर्ग और वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया है। पार्टी ने नई कार्यकारिणी में शिवजी सिंह, विधायक अमीन पटेल, जेनेट डिसूजा और अशोक जाधव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया है। विधायक ज्योति गायकवाड़, भूषण पाटील, डॉ अजंता यादव, डॉ किशोर सिंह, अवनीश सिंह, अखिलेश यादव सहित 34 लोगों को उपाध्यक्ष बनाया है। एडवोकेट विजय सिंह, दीपक यादव, संदीप शुक्ला, रमेश सिंह, राम गोविंद यादव, संतोष सिंह सहित कुल 57 लोगों को महासचिव बनाया है। एडवोकेट आरपी पांडेय, राजेश सिंह, विधायक सुरेश शेट्टी, मनोज त्रिपाठी सहित 78 लोगों को सचिव बनाया है।
नई कार्यकारिणी में कौन-कौन?
नई कार्यकारिणी में 20 सदस्य हैं। मुख्य प्रवक्ता सचिन सावंत और पूर्व नगरसेविका शीतल म्हात्रे, सुरेशचंद्र राजहंस के साथ-साथ कुल 5 लोगों को पार्टी की बात रखने के लिए प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी के कोष की जिम्मेदारी एक बार फिर से विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री असलम शेख को बनाया गया है। माना जा रहा है कि असलम शेख को यह जिम्मेदारी देने से आर्थिक संकट से जूझ रही मुंबई कांग्रेस को कुछ राहत जरूर मिलेगी।
सभी जिला अध्यक्ष भी बदले गए
मुंबई के 6 जिलों के अध्यक्षों को भी कांग्रेस ने बदल दिया है। दक्षिण मुंबई जिले की जिम्मेदारी रवि भावकर, दक्षिण मध्य मुंबई कचरू यादव, उत्तर-मध्य मुंबई की अरशद आजमी, उत्तर मुंबई से राजपत यादव, उत्तर पूर्व मुंबई से केतन शाह और उत्तर-पश्चिम जिला का अध्यक्ष भावना जैन को बनाया गया है। मुंबई की 6 जिला में दो उत्तर भारतीय दो गुजराती और एक मुस्लिम और एक मराठी व्यक्ति को जिम्मेदारी दी गई है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मुंबई कांग्रेस की कार्यकारिणी बनाने में हुई देरी का पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। अब जब कार्यकारिणी का ऐलान किया तब नाराज़ लोग सामने आने लगे है। मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने जिस तरह से कार्यकारिणी में अपनी बहन और भाई को पदाधिकारी बनाया उसे लेकर पार्टी में नाराजगी बढ़ना लाजमी माना जा रहा है और उसका खामियाजा कांग्रेस को बीएमसी चुनावों में देखने को मिल सकता है।
