Sanjay Nirupam
नेटवर्क महानगर/मुंबई
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे करीब आ रही है, वैसे-वैसे सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। इस बार शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को सिर्फ अपने भविष्य की चिंता है और वह सहयोगी दलों को बैसाखी की तरह इस्तेमाल करती है।
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने सहयोगियों को कमजोर करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस इतना चाहिए कि कोई उसका साथ दे ताकि वो राजनीतिक रूप से टिकी रह सके। लेकिन जैसे ही मौका मिलता है, वही सहयोगी दल कांग्रेस के लिए बोझ बन जाते हैं।
वरिष्ठ नेता निरुपम ने ये भी कहा कि ‘महागठबंधन’ के भीतर खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस बार स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और एनडीए को ही जीत का ताज पहनाने का मन बना चुकी है।
मोदी के नेतृत्व की तारीफ में विपक्ष भी शामिल
संजय निरुपम ने भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन के 25 साल पूरे होने पर कई दलों के नेताओं ने उनकी तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा वाकई सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मोदी पिछले 25 सालों से जनता की सेवा में लगातार लगे हुए हैं। उनका नेतृत्व प्रेरणादायक है और उन्होंने राजनीति में काम करने का नया तरीका दिखाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब बिहार में चुनाव का माहौल गर्म है, तब राहुल गांधी देश में नहीं हैं। सिन्हा ने तेज प्रताप यादव के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि तेज प्रताप ने खुद कहा कि राहुल गांधी अपने परिवार से मिलने कोलंबिया गए हैं।अगर ये सच है, तो क्या जनता ऐसे नेता को गंभीरता से लेगी जो चुनाव के वक्त गायब हो जाए?
NDA को दोबारा मौका देने का मन बना लिया है बिहार
वहीं, भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने भी बिहार चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए को दोबारा मौका देने का मन बना लिया है। सांसद खटाना ने कहा कि एनडीए बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह देश की दिशा बदली है, उसी तरह बिहार में भी बदलाव दिखेगा। हमारी कोशिश है कि प्रदेश में जीत का परचम फहराया जाए।
इसी तरह रालोद नेता मलूक नागर ने भी पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
