दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Maharashtra: मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस छोड़ी, कहा- खत्म कर रहा हूं 55 साल का पारिवारिक रिश्ता!

मुंबई: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी को जोरदार झटका लगा है. कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी. उन्होंने एक पोस्ट करके कहा कि उनका एक महत्वपूर्ण अध्याय खत्म हुआ.

कांग्रेस के पूर्व नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- ”आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ. इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मैंने अपना त्यागपत्र दे दिया है. पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता ख़त्म. मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं.”

शिंदे गुट में होंगे शामिल
मिलिंद देवड़ा ने आज रविवार सुबह प्रभादेवी स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन किया और आज ही (14 जनवरी) को एकनाथ शिंदे गुट की ‘शिवसेना’ में शामिल होंगे. उनकी ज्वाइनिंग सीएम शिंदे की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आवास पर होगी. हालांकि, इस तरह की अटकलें पहले भी लगाई जा रहीं थीं कि वो कांग्रेस छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं लेकिन एक दिन पहले ही उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया था. आज मिलिंद देवड़ा के अलावा उनके साथ 10 पूर्व पार्षद, 20 पदाधिकारी, 15 ट्रेड एसोसिएशन और 450 कार्यकर्ता ‘शिवसेना’ में शामिल होंगे.

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ से पहले दिया इस्तीफा
मिलिंद देवड़ा कांग्रेस से नाराज बताए जा रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने ये इस्तीफा दिया लेकिन उन्होंने जो दिन चुना वो भी खास है. 14 जनवरी (रविवार) के दिन ही राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की शुरुआत होने जा रही है और इसी दिन उन्होंने इस्तीफा दिया.
दरअसल, मिलिंद देवड़ा ने दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) के दावे को लेकर अस्वीकृति व्यक्त की थी. अविभाजित शिवसेना के अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में उनको हराया था.

कौन हैं मिलिंद देवड़ा?
मिलिंद देवड़ा कांग्रेस पार्टी के दिग्गज दिवंगत नेता मुलरी देवड़ा के बेटे हैं. उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी के क्वेस्ट्रॉम स्कूल ऑफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में ग्रेजुएशन किया है. साल 2004 के आम चुनावों में उन्होंने मुंबई दक्षिण से बीजेपी की जयवंतीबेन मेहता को 10,000 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी.

साल 2011 में मिलिंद देवड़ा केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री बने. इसके अलावा अक्टूबर 2012 में उन्होंने जहाजरानी राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. मिलिंद देवड़ा ने पूजा शेट्टी से शादी की है. पूजा शेट्टी फिल्म निर्माण कंपनी वॉक वॉटर मीडिया की प्रमुख हैं और एडलैब्स के पूर्व अध्यक्ष, फिल्म निर्माता मनमोहन शेट्टी की बेटी हैं.

बनाए गए थे CWC के संयुक्त कोषाध्यक्ष
हाल ही में जब कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान हुआ था तब पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मिलिंद देवड़ा को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी लेकिन इसके कुछ दिनों बाद ही उन्होंने ये इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया. मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने की वजह इंडिया गठबंधन को बताया जा रहा है. मिलिंद देवड़ा एक समय कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख भी थे. वह पार्टी के दिग्गज नेता दिवंगत मुरली देवड़ा के बेटे हैं.