नेटवर्क महानगर/चंद्रपुर
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की राजुरा तहसील में गुरुवार को एक ट्रक और ऑटोरिक्शा में हुई जोरदार टक्कर में तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना राजुरा-गढ़चंदूर रोड पर कपनगांव के पास शाम करीब 4 बजे हुई, जिसमें दो लोग घायल भी हुए। सात यात्रियों को लेकर ऑटोरिक्शा राजुरा से पचगांव जा रहा था, जब ऑटोरिक्शा कपनगांव के पास पहुंचा, तो सामने से आ रहा एक ट्रक उससे टकरा गया। राजुरा पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा ऑटोरिक्शा चकनाचूर हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाया। उनमें से तीन की पहले ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक फरार है। उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन को चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान वर्षा मांडले (41), तनु पिंपलकर (18), ताराबाई पापुलवार (60), रवींद्र बोबडे (48), शंकर पिपेरे (50) और ऑटोरिक्शा चालक प्रकाश मेश्राम (50) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है, लेकिन उसका चालक फरार है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
