Navneet Rana
नेटवर्क महानगर/अमरावती
पूर्व सांसद नवनीत राणा को जान से मारने और गैंगरेप की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। नवनीत राणा के कार्यालय को मंगलवार शाम स्पीड पोस्ट से एक धमकी भरा पत्र मिला। इस पत्र में बहुत ही अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा पत्र हैदराबाद से जावेद नाम के व्यक्ति ने भेजा है। लिफाफे पर भेजने वाले का पता मेललीनगर, मेहंदीपट्टनम, हैदराबाद लिखा है। इस मामले में नवनीत राणा के पर्सनल सेक्रेटरी मंगेश कोकाटे ने तुरंत राजापेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद अमरावती क्राइम ब्रांच की टीम नवनीत राणा के घर पहुंची और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपी जावेद की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह पत्र किस मकसद से भेजा गया है?
बता दें कि नवनीत राणा को पहले भी कई बार फोन या पत्र के माध्यम से इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले मई 2025 में नवनीत राणा के पास कथित तौर पर पाकिस्तान से एक फोन आया था। उस दौरान जब नवनीत राणा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, तब एफआईआर नहीं की गई थी। पुलिस की ओर से कहा गया था कि गैर-संज्ञेय शिकायतों में पुलिस बिना अदालत के आदेश के जांच शुरू नहीं कर सकती। यह तब की बात है जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद नवनीत राणा ने पाकिस्तान के खिलाफ वीडियो जारी कर उसे खरी-खोटी सुनाई थी।
फिलहाल, घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर संदीप चव्हाण और राजापेठ थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्पीड पोस्ट से आए पत्र की बारीकी से जांच की। जिसमें पत्र की सामग्री, लिखावट और पोस्टिंग नंबर के बारे में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पत्र हैदराबाद के एक डाकघर से भेजा गया था। पुलिस हैदराबाद से पत्र भेजने वाले का विवरण, डाक ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही, डाकिया, पोस्टिंग स्टेशन और संभावित कॉल्स की जांच भी की जा रही है। क्राइम ब्रांच के पुलिस इंस्पेक्टर संदीप चव्हाण ने बताया कि इसकी प्रारंभिक जांच चल रही है और यह पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है कि पत्र किसने भेजा था? सभी आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित कर लिए गए हैं।
इस घटना से राणा दंपत्ति की सुरक्षा का सवाल एक बार फिर सामने आ गया है। नवनीत राणा को पहले भी कई बार धमकियां मिलने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसलिए पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पूरी तेज़ी से जांच में जुट गई है।
कांग्रेस के इस उम्मीदवार के सामने मिली हार?
नवनीत राणा पहली बार 2019 लोकसभा चुनाव में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित अमरावती सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सांसद बनी थीं। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अमरावती से मैदान में उतारा था लेकिन कांग्रेस के बलवंत बसवंत वानखड़े के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
