नेटवर्क महानगर/कोंकण
कोंकण संभाग के रत्नागिरी जिले में सिचाई विभाग (पाटबांधारे) क़ुवारबाव के कार्यालय कार्यकारी अभियंता गणेश हरिदास सलगर को शिकायतकर्ता से 2 लाख रूपए की रिश्वत लेते हुए रत्नागिरी एंटी करप्शनब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। दो लाख रुपए की रिश्वत कार्यकारी अभियंता गणेश सलगर ने अपने सहायक कनिष्ठ लिपिक व टाइपिस्ट शेखर चंद्रमणि पवार के जरिए ली थी। इसलिए पहले लिपिक को बाद में कार्यकारी अभियंता गणेश हरिदास सलगर को गिरफ्तार किया गया।
ठाणे एंटी करप्शनब्यूरो के अधिकारियों ने आज बताया कि कार्यकारी अभियंता गणेश हरिदास सलगर रत्नागिरी जिले में सिंचाई विभाग कुंवारबाव में पदासीन है। शिकायतकर्ता की ‘शिवकृपा कंस्ट्रक्शन’ कपनी है। शिकायतकर्ता ने ल.पा. योजना भोलावली तहसील मंडनगढ़ जिला रत्नागिरी स्थित जलसंचय के बांध पर मिट्टी के भराव के लिए सिचाई विभाग के लिए यह काम ठेके पर लिया था। संबंधित विभाग द्वारा शिकायतकर्ता को काम करने के बाद दो भुगतान बिल की अदायगी की गई थी, परन्तु तीसरा भुगतान बिल जो कि 11लाख 30हजार 893रु का था, इसके भुगतान बिल के लिए सिचाई विभाग में आवेदन देने के बाद कार्यकारी अभियंता गणेश हरिदास सलगर ने उससे 18मार्च 2026 को बिल स्वीकृत करने के लिए 3लाख 40हजार रुपए की मांग की थी।
