ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर Maharashtra: भाजपा विधायक सेल्वन ने की शिवसेना के थप्पड़बाज़ विधायक पर करवाई की मांग! 11th July 2025 networkmahanagar 🔊 Listen to this नेटवर्क महानगर/मुंबई महाराष्ट्र के बुलढाणा सीट से शिवसेना विधायक संजय गायकवाड एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मुंबई के सरकारी आकाशवाणी विधायक गेस्ट हाउस की कैंटीन में खाने की गुणवत्ता से नाराज़ होकर उन्होंने एक कर्मचारी को बुरी तरह से पीट दिया। विधायक गायकवाड के मुताबिक, उन्होंने पहले भी खाने की शिकायत की थी और घटिया खाना परोसे जाने से गुस्साए हुए थे। वहीं, गायकवाड के विवादित बयान को लेकर अब सायन-कोलीवाड़ा के भाजपा विधायक कैप्टन आर. तमिल सेल्वन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके खिलाफ करवाई की मांग की है। भाजपा विधायक सेल्वन ने कहा है कि महाराष्ट्र में रहने वाले दक्षिण भारतीय लोग मराठी संस्कृति को अपना रहे हैं। यह कहना गलत है कि उन्होंने इसे खराब किया और इसके लिए गायकवाड को दक्षिण भारतीय समुदाय से माफ़ी मांगनी चाहिए। मुंबई शहर में दक्षिण भारतीय समुदाय के लगभग 40 लाख नागरिक रहते हैं और राज्य में 25 दक्षिण भारतीय आईएएस, आईपीएस, आईआरएस अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। महाराष्ट्र के राज्यपाल भी दक्षिण भारतीय हैं। दक्षिण भारतीय सभी जाति-धर्म के लोगों के साथ सद्भाव से रह रहे हैं, महाराष्ट्र की संस्कृति का संरक्षण और पालन कर रहे हैं तथा महाराष्ट्र के आराध्य देव छत्रपती शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, वीर सावरकर और अन्य सभी महापुरुषों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दरअसल, शिवसेना विधायक संजय गायकवाड ने अपने एक बयान में कहा है कि दक्षिण भारतीय लोग बीयर बार चलाते हैं, जो पूरी तरह से झूठ है। विधायक गायकवाड ने वेटर से झगड़े के कारण सभी दक्षिण भारतीय नागरिकों के बारे में गलत बयान देकर उनका अपमान किया है। इस संबंध भाजपा विधायक सेल्वन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं मुख्यमंत्री से विधायक संजय गायकवाड के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध करता हूं। फिलहाल, कैंटीन कर्मचारी से बदसलूकी करने वाले शिवसेना विधायक के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। मामले पर राजनीतिक हंगामे के बाद भी संजय गायकवाड अपनी गलती मानने को तैयार नहीं हुए। शिवसेना विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि उनका जो रिएक्शन था, वो बिल्कुल सही था। गायकवाड ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब कोई मुझे जहर खिलाएगा तो क्या मैं उसकी पूजा करूंगा। बालासाहेब ठाकरे ने मुझे यह नहीं सिखाया है। बालासाहेब ठाकरे ने हमें सिखाया है कि अगर आप पर कोई हावी होना चाहता है तो उसे मत छोड़ो। इसलिए मेरा जो रिएक्शन था वो सही था। शिवसेना नेता ने इस मुद्दे पर संजय राउत की टिप्पणी का भी जवाब दिया। उन्होंने संजय राउत को 10 साल पुराना राजन विचारे का मामला याद दिलाया। संजय गायकवाड ने कहा कि 10 साल पहले दिल्ली में एक वेटर ने राजन विचारे को खाना परोसा था। वो खाना ठीक नहीं था, तो उन्होंने उस वेटर के मुंह में रोटी ठूंस दी और उसे मारा था। उस समय संजय राउत कहां गए थे? फिलहाल, इस पिटाई कांड पर महाराष्ट्र की राजनीति गरमाई हुई है। बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा और विपक्ष के नेताओं ने सरकार पर सवाल उठाए। मुंबई के आकाशवाणी विधायक गेस्ट हाउस में कैंटीन कर्मचारी को पीटा गया था। विधायक गायकवाड ने कर्मचारी को थप्पड़ और घूंसे मारे थे, जिसका वीडियो वायरल हुआ है। विधायक ने कहा कि कैंटीन कर्मचारी ने कथित तौर पर उन्हें बासी खाना परोसा था। इसी बात को लेकर उन्होंने कर्मचारी को पीट दिया था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संजय गायकवाड के व्यवहार को अनुचित बताया है। विधानसभा में जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विधायक संजय गायकवाड का व्यवहार अनुचित है और इससे जनता के बीच सभी विधायकों के बारे में नकारात्मक धारणा बनती है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मामले में मांफी मांगी है। आखिर कौन हैं संजय गायकवाड़? हर वक्त अपने बयान से चर्चा में रहने वाले संजय गायकवाड़ महाराष्ट्र के बुलढाणा से दो बार के विधायक हैं। वह पहले शिवसेना के टिकट पर चुने गए थे। 2019 में उन्होंने हर्षवर्धन सपकाल को हराया था। हर्षवर्धन सपकाल अभी महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। गायकवाड़ पेशे से किसान हैं। 2022 में वे एकनाथ शिंदे के शिवसेना गुट में शामिल हो गए। बता दें कि इसी साल अप्रैल में विधायक संजय गायकवाड ने पुलिस अधिकारियों पर हरामपन का आरोप लगाया। यह एक बोलचाल का शब्द है जिसका मतलब है दुष्ट व्यवहार। उन्होंने दावा किया कि अगर ऐसी हरकतों पर लगाम लगाई जाए तो एक साल के अंदर सभी अवैध गतिविधियां खत्म हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस सरकार का सबसे बेकार विभाग है। मेरे बेटे को जान से मारने की धमकी मिली, मेरी कार पर हमला हुआ, लेकिन पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई। सितंबर 2024 में गायकवाड ने घोषणा की कि जो कोई भी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की जीभ काटेगा, उसे वे 11 लाख का इनाम देंगे। यह घोषणा राहुल गांधी के आरक्षण प्रणाली पर दिए गए बयान के बाद की गई थी। गायकवाड जब अविभाजित शिवसेना का हिस्सा थे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए (MVA) सरकार के सदस्य थे, तब उन्होंने तत्कालीन विपक्षी नेता देवेंद्र फडणवीस पर व्यक्तिगत हमला किया था। उन्होंने कहा था कि वह कोरोना वायरस को फडणवीस के गले में डालना चाहते हैं। Post Views: 23