नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के एंटॉपहिल से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक मासूम बच्ची को उसके सौतेले पिता ने सिर्फ इसलिए बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया कि चार वर्षीय बच्ची अमायरा देर रात तक मोबाइल में गेम खेलने की जिद किया करती थी।

हैरान कर देने वाली इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सौतेले पिता को कोलाबा पुलिस ने वर्ली इलाके से गिरफ्तार कर लिया। मृतक बच्ची मां के दूसरे पति की बेटी थी। मां की तीसरी और पिता की दूसरी शादी थी।
मछुआरों को ससून डॉक से समुद्र में बच्ची का तैरता हुआ शव मिला। मछुआरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक बच्ची के परिवार वालों ने एंटॉपहिल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। फरार आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (अपहरण की सजा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अपहरण की शिकायत एक रात पहले दर्ज की गई थी। शव मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे मिला, जिसके बाद उसे सेंट जॉर्ज अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में सरकारी अस्पताल जेजे में स्थानांतरित कर दिया गया। जेजे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि बच्ची की गर्दन पर गला घोंटने के निशान मिले, यौन उत्पीड़न के कोई निशान नहीं हैं।
