ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

Navi Mumbai: महिला ने शादी के लिए बनाया दबाव तो टैक्सी ड्राइवर निजाम ने पूनम को दी खौफनाक मौत!

नवी मुंबई: नवी मुंबई पुलिस ने एक महिला की हत्या करने के आरोप में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि 25 अप्रैल की सुबह नवी मुंबई के उरण इलाके के एक नाले से 27 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया था जो कि क्षत-विक्षत हालत था और कंबल में लिपटा हुआ था। उरण पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुंबई के मानखुर्द पुलिस थाना क्षेत्र से 18 अप्रैल को एक महिला लापता हुई थी। अधिकारी ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि उरण में मिला शव लापता महिला का ही था। उन्होंने बताया कि जांच में पाया गया कि महिला और मुंबई के नागपाडा निवासी टैक्सी चालक के बीच प्रेम प्रसंग था। महिला उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। अधिकारी ने बताया कि टैक्सी चालक 18 अप्रैल की शाम महिला को घुमाने के लिए ठाणे जिले के कल्याण इलाके में खडावली ले गया।
उन्होंने बताया कि उसने 19 अप्रैल को आधी रात लगभग एक बजे कथित तौर पर गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी और लाश सूटकेस में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया और स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उसे 29 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?
नवी मुंबई उरण के चिरनेर-साई रोड पर बीते गुरुवार को एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत अवस्था में शव मिला था। अज्ञात महिला की पहचान करने में उरण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। क्षेत्र के सभी पुलिस स्टेशनों में लापता महिला की तलाश करते समय पता चला कि एक महिला, पूनम चंद्रकांत क्षीरसागर (27) की मां ने मानखुर्द पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद उरण पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम, पुलिस निरीक्षक शिवाजी हुल्गे और क्राइम ब्रांच की टीम ने मृत महिला की मां और रिश्तेदारों से संपर्क किया। पुलिस जांच के मुताबिक, पूनम अपनी मां के साथ मानखुर्द के साठेनगर में रहती थी। वह इलाके के सैंडस पार्क की एक इमारत में हाउसकीपर के रूप में काम कर रही थी। उसका मुंबई के नागपाड़ा में रहने वाले 28 साल के टैक्सी ड्राइवर निजामुद्दीन शेख के साथ अफेयर चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते निजामुद्दीन मृत महिला को टैक्सी से ऑफिस तक छोड़ता था। हालांकि, दोनों के बीच झगड़ा होने के बाद उनका ब्रेकअप हो गया।
एक दिन आरोपी निजामुद्दीन ने पूनम से बात कर उसे मिलने बुलाया। फिर अपनी टैक्सी से कल्याण-खडवली ले गया और टैक्सी में ही गला दबाकर पूनम की हत्या कर दी। पूनम के शव को टैक्सी में रखकर चिरनेर-साई रोड पर एक सुनसान जगह पर फेंक दिया और फिर वहां से भाग निकला। शुरुआती जांच में उरण पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने इस हत्याकांड के आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जैसे ही निजामुद्दीन शेख को उसका रूट चार्ट दिखाया, उसने हत्या की बात कबूल कर ली।