Supriya Sule Media Interaction
नेटवर्क महानगर/पुणे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के विपक्षी महाविकास आघाड़ी (MVA) में शामिल होने की तेज होती अटकलों के बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता व सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को एक बड़ा बयान देते हुए कि राष्ट्रहित में साथ आने में कुछ भी गलत नहीं है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि मनसे को गठबंधन में शामिल करने पर अंतिम फैसला एमवीए के वरिष्ठ नेता मिलकर लेंगे।
पुणे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुप्रिया सुले से पूछा गया कि क्या एमवीए को राज ठाकरे के रूप में एक नया सहयोगी मिल गया है। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रहित’ में साथ आने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि राज ठाकरे को एमवीए में शामिल करने का फैसला वरिष्ठ नेता लेंगे। ये बड़े राजनीतिक फैसले हैं और ऐसे निर्णय कैमरों के सामने नहीं लिए जाते। ऐसी चर्चाएं बैठकों में होती हैं। हम बैठक के बाद निर्णय की जानकारी देंगे।

राज ठाकरे की मुलाकात से बढ़ी हलचल
सुप्रिया सुले का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मंगलवार को ही राज ठाकरे ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित विपक्ष के शीर्ष नेताओं के साथ मिलकर महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस.चोकलिंगम से मुलाकात की थी। इस बैठक में विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची सहित चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलने के लिए राज ठाकरे की सक्रिय भागीदारी ने इस बात पर नए सिरे से चर्चा शुरू कर दी है कि क्या मनसे जल्द ही विपक्षी गठबंधन एमवीए का हिस्सा बन सकती है। नतीजा कुछ भी हो परन्तु राज ठाकरे और उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे का एक मंच पर आना महाराष्ट्र की सियासत में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है।
