रूपाली चाकणकर
नेटवर्क महानगर/मुंबई
नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात मामले में हर दिन हैरान कर देने वाले नए खुलासे हो रहे हैं। अशोक खरात के गुनाहों की परतें खुलने के साथ ही महाराष्ट्र के दिग्गज राजनेताओं से उसके करीबी संबंध होने की जानकारी सामने आने से खलबली मच गई है। कई राजनेताओं पर इस्तीफे का दबाव बनाया है।
अशोक खरात का मामला सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। जिसमें वह फर्जी बाबा अशोक खरात के पैर धोते-पूजते नजर आ रही थीं। जिसके बाद उन्हें अपनी आलोचनाओं के चलते पद से इस्तीफा देना पड़ा।
अशोक खरात मामले में सबसे पहले विवादों में घिरी एनसीपी महाराष्ट्र प्रदेश की महिला अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने अब शुक्रवार, (27 मार्च) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा उपमुख्यमंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को सौंप दिया है। इससे पहले उन्होंने राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा उन्हें ही सौंपा था। इसके बाद विपक्ष ने उनसे एनसीपी महिला अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा देने की मांग की थी।
रूपाली चाकणकर ने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि खरात मामले पर उन्होंने पहले ही दिन अपना रुख स्पष्ट कर दिया था। उनके वित्तीय लेन-देन या किसी भी प्रकार के कुकर्म में भाई-भतीजावाद का कोई नामोनिशान नहीं है, और उनका स्पष्ट और दृढ़ रुख आज भी वही है। ये सभी बातें जांच के दौरान सामने आएंगी। मीडिया में बिना किसी सबूत के लगाए जा रहे झूठे और असत्य आरोप बेहद दुखद हैं। सच्चाई को बलपूर्वक साबित किया जाएगा।
पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से जांच की मांग
आगे उन्होंने कहा है कि मैंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से पहले ही यह मांग की है कि इस जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए। आज सुबह फोन पर आदरणीय सुनेत्रवाहिनी पवार से हुई चर्चा के अनुसार, मैं राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रही हूं।
अशोक खरात मामले की जांच जारी
बता दें कि हाल ही में नासिक पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में फर्जी स्वयंभू ज्योतिषाचार्य और तांत्रिक अशोक खरात उर्फ कैप्टन को गिरफ्तार किया था। अशोक खरात पर 150 से अधिक महिलाओं के साथ दुष्कर्म के आरोप हैं। वहीं, उसके पास से पेन ड्राइव भी बरामद हुई है, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिलीं। इसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी के संपर्कों को लेकर कई बड़े नामों की चर्चा हो रही है। मामला सामने आते ही विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। फिलहाल, अशोक खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है, वो जांच एजेंसियों की हिरासत में है। एसआईटी द्वारा उससे गहन पूछताछ की जा रही है, और मामले की जांच जारी है।
