Maharashtra Legislative Assembly news
नागपुर: महाराष्ट्र में महायुति की सरकार के मंत्रियों की शपथ के बाद शनिवार (21 दिसंबर) को अब उनके विभागों का बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंन्द्र फडणवीस ने गृह विभाग अपने पास रखा है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शहरी विकास मिला, जबकि उपमुख्यमंत्री अजित पवार को वित्त विभाग दिया गया है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने गृह मंत्रालय, विधि एवं न्याय, सामान्य प्रशासन, सूचना और प्रचार विभाग अपने पास रखा है। जबकि, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शहरी विकास, आवास, सार्वजनिक निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा अजित पवार को वित्त विभाग के साथ राज्य उत्पाद शुल्क मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
किस मंत्री को कौन सा विभाग?
फडणवीस सरकार में चंद्रकांत पाटिल को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, गणेश नाइक को वन विभाग, दादा भुसे को स्कूल शिक्षा विभाग दिया गया है। उदय सामंत को उद्योग, पंकजा मुंडे को पर्यावरण, माणिकराव कोकाटे को कृषि विभाग। साथ ही गुलाब राव पाटिल को पेयजल और स्वच्छता, संजय राठौड़ को जल एवं भूमि सरंक्षण विभाग, शंभूराज देसाई को टूरिज्म, खनन विभाग सौंपा गया है।
इसके अलावा धनंजय मुंडे को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और सिविल सप्लाइ एवं कंज्यूमर प्रोटेक्शन, अशोक उइके को आदिवासी विकास, आशीष शेलार को आईटी और संस्कृति विभाग दिया गया है। अदिति तटकरे को महिला एवं बाल विकास, जयकुमार गोरे को ग्रामीण विकास, संजय शिरसाट को सामाजिक न्याय विभाग सौंपा गया है।
इसी तरह हसन मुश्रीफ को मेडिकल एजुकेशन, धनंजय मुंडे को खाद्य, सिविल सप्लाइ एवं कंज्यूमर प्रोटेक्शन विभाग दिए। वहीं, दत्तात्रय भरणे को खेल एवं युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ, प्रताप सरनाईक को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
बता दें कि रविवार (15 दिसंबर) को महायुति के 39 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें बीजेपी के 19, शिवसेना शिंदे गुट के 11 और एनसीपी अजित पवार गुट के नौ मंत्री शामिल थे।
बता दें कि शनिवार (21 दिसंबर) को राष्ट्रगान के साथ विधानमंडल का शीतकालीन सत्र स्थगित हो गया। अब अगला सत्र सोमवार (3 मार्च) 2025 को विधानभवन में होगा, इसकी घोषणा स्पीकर एडवोकेट राहुल नार्वेकर द्वारा की गई।
