नेटवर्क महानगर/मुंबई
लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने ”ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत ड्यूटी के दौरान अद्भुत साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक 22 वर्षीय युवक की जान बचा ली। युवक अचानक पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया था, जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई थी तभी बिना समय गंवाए आरपीएफ (RPF) जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक कार्रवाई के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और जवानों की बहादुरी की जमकर सराहना की।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय की है जब ट्रेन संख्या 12546 रक्सौल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर प्लेस हो रही थी। दोपहर लगभग 03:38 बजे, बिहार के मधुबनी जिले का निवासी कुंदन कुमार (22) चलती ट्रेन के गेट पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने खतरनाक गैप में जा गिरा। तभी ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक आरपी वंजारी और प्रधान आरक्षक सचिन साबने ने जैसे ही यात्री को गिरते देखा, उन्होंने बिना समय गंवाए फुर्ती दिखाई और उसे खींचकर बाहर निकाला। जवानों की इस सूझ-बूझ और तत्परता की वजह से युवक की जान बच गई, वरना वह ट्रेन के पहियों के नीचे आ सकता था। हादसे के बाद युवक काफी घबरा गया था।
आरपीएफ स्टाफ उसे तुरंत थाने लेकर गए, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत यह रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। यात्री ने अपनी जान बचाने के लिए आरपीएफ के जवानों का आभार व्यक्त किया। जरूरी जांच और आराम के बाद जवानों ने युवक को सुरक्षित रूप से दोबारा रक्सौल एक्सप्रेस में बैठाकर उसके गंतव्य के लिए रवाना किया।
आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त और सहायक सुरक्षा आयुक्त दादर के मार्गदर्शन में किए गए इस साहसी कार्य की विभाग में काफी सराहना हो रही है। रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के वक्त थोड़ी सतर्कता बरतें और जोखिम न उठाएं।
