ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

MHADA सितंबर में निकालने जा रही 2,000 घरों की लॉटरी

जिम, स्विमिंग पुल, इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट से लैस होगी ये इमारतें…

मुंबई: महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) अब मुंबईकरों के लिए आलीशान घरों जैसी सुविधा मुहैया कराएगी। मुंबई बोर्ड की लॉटरी का इंतज़ार करने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। मुंबई बोर्ड सितंबर में करीब 2,000 घरों की लॉटरी जारी करने की योजना पर काम कर रहा है। लॉटरी में गोरेगांव स्थिति म्हाडा की आधुनिक इमारतों के भी क़रीब 332 घरों को शामिल किया जाएगा, ये घर उच्च और मध्यम श्रेणी के होंगे। उच्च वर्ग के घर करीब 979 वर्ग फुट और मध्यम वर्ग के घर करीब 714 वर्ग फुट के होंगे। उच्च वर्ग के घरों की कीमत क़रीब 1.25 करोड़ रुपये और मध्य वर्ग के घरों की क़ीमत क़रीब 80 लाख रुपये होने का अनुमान है।
गोरेगांव की इमारतों में म्हाडा द्वारा पहली बार जिम, स्विमिंग पूल, इलेक्ट्रिक चार्जिंग पॉइंट की सुविधा प्रदान की गई है। इन घरों का काम क़रीब 80% तक पूरा हो चुका है, मौजूदा समय में अंतिम चरण का कार्य चल रहा है। दो से ढाई महीने में घर तैयार होंगे।

गौरतलब है कि मुंबई बोर्ड की अंतिम लॉटरी पिछले वर्ष जारी हुई थी, जिसमें 4082 घरों के लिए 1.22 लाख लोगों ने आवेदन किया था। लॉटरी में नाम न आने वाले आवेदक म्हाडा की अगली लॉटरी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। म्हाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मुंबई के विभिन्न इलाकों के तैयार घरों की जानकारी एकत्रित की जा रही है। मुंबई में क़रीब 2 हजार घर आगामी कुछ महीने में तैयार होने की उम्मीद है। इस वज़ह से लॉटरी के लिए इन घरों का चयन किया गया है।