mumbai rain breaking news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई। मुंबई में शुक्रवार से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सड़कें तालाब बन गई हैं। शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कहीं दुकानों में तो कही लोगों लोगों के घरों में पानी घुस गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अत्यधिक भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए ”रेड अलर्ट” जारी किया है। आज सोमवार को दोपहर के सत्र के लिए सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बीएमसी आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगरानी ने आदेश जारी किया कि मुंबई के सभी स्कूल और कॉलेज मंगलवार १९ अगस्त तक बंद रहेंगे। यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र लिया गया।
बीएमसी जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि मुंबई और उपनगरों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसी कारण छात्रों को किसी भी प्रकार के जोखिम से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया। साथ ही, बीएमसी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
बीएमसी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और बारिश से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलभराव की स्थिति में राहत कार्यों और ट्रैफिक नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा बीएमसी ने अपने मुख्य नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1916 को सक्रिय रखा है। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति या आधिकारिक जानकारी के लिए इस हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करें।
बता दें कि मुंबई में मानसून के चलते हर साल जलभराव और यातायात की समस्या एक गंभीर चुनौती बन गई है। इस बार भी कई निचले इलाकों में कमर तक पानी भरा है। ऐसे में बीएमसी ने नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने रात तक भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस वजह से प्रशासन ने सभी आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा है। स्कूल और कॉलेज बंद करने के फैसले को लेकर अभिभावकों और नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि लगातार बारिश में बच्चों की आवाजाही कठिन हो सकती थी। बीएमसी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मुंबईकर संयम और सावधानी से काम लें, ताकि किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

बीएमसी के वर्षामापी यंत्रों के आंकड़ों से पता चला है कि चेंबूर, वर्ली, दादर और परेल, गांधी मार्केट के इलाकों में सबसे ज़्यादा बारिश हुई, जहां कई जगहों पर बारिश का आंकड़ा 100 मिमी के पार चला गया। चेंबूर अग्निशमन केंद्र में सबसे ज़्यादा 140.80 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दूसरे नंबर पर रेनफॉल पाइपलाइन बीएमसी रहा, जहाँ 139.60 मिमी बारिश दर्ज की गई. दोनों ही आँकड़े मध्य और पूर्वी मुंबई में बारिश की तीव्रता को दर्शाते हैं। वडाला स्थित बी. नाडकर्णी पार्क म्युनिसिपल स्कूल और वर्ली सी फेस म्युनिसिपल स्कूल में 133.20 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि, वर्ली नाका स्थित सावित्रीबाई फुले म्युनिसिपल स्कूल में 130.40 मिमी बारिश दर्ज की गई। वर्ली में हुई भारी बारिश के अलावा, आदर्श नगर स्कूल में भी 128.80 मिमी बारिश दर्ज की गई। अन्य स्थानों पर थोड़े कम लेकिन फिर भी उल्लेखनीय आंकड़े दर्ज किए गए। एफ साउथ ऑफिस स्थित फ्रोज़बेरी जलाशय में 118.80 मिमी बारिश दर्ज की।
परेल स्थित सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट और चेंबूर स्थित डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर कॉलोनी म्युनिसिपल स्कूल दोनों में 116.80 मिमी बारिश दर्ज की गई, और परेल स्थित एफ साउथ वार्ड ऑफिस में 113.53 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुछ ही समय में कई इलाकों में जलभराव के साथ, ये आंकड़े दर्शाते हैं कि मुंबई का मानसून कैसे अप्रत्याशित और अत्यधिक डरावना बना हुआ है, जो अक्सर कुछ ही घंटों में दैनिक जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर देता है। सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है, गाड़ियों की रफ्तार बहुत धीमी हो गई है।
खराब मौसम से हवाई उड़ानों पर भी असर!
बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पडा है। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) ने यात्रियों के लिए परामर्श जारी करते हुए उड़ानों की स्थिति एयरलाइंस से कन्फर्म करने की अपील की है। सोमवार को हवाई अड्डे पर रनवे पर कम दृश्यता के कारण नौ बार उड़ान भरी गई और एक उड़ान को डायवर्ट किया गया। डायवर्ट की गई उड़ान इंडिगो की उड़ान 6E6468 (टेल नंबर VT-IIJ) थी, जो अहमदाबाद से मुंबई जा रही थी और सुबह 10:07 बजे रवाना हुई और मौसम की स्थिति के कारण मुंबई में उतरने में असमर्थ होने के कारण सुबह 11:35 बजे सूरत में उतरी। हालांकि, अभी तक हवाई अड्डे पर किसी बड़ी देरी की सूचना नहीं मिली है, लेकिन अधिकारियों को भारी बारिश जारी रहने पर व्यवधान की आशंका है।
मुंबई लोकल सेवा पर असर!
मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें उपनगरीय रेल सेवाएं 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं। किसी भी सेवा को स्थगित नहीं किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, हार्बर लाइन के कुछ निचले इलाकों में पटरियों पर पानी भरने और कुर्ला और तिलक नगर स्टेशन के बीच पटरियां बदलने वाले ‘पॉइंट’ के खराब होने के कारण सेंट्रल रेलवे मार्ग पर उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हुईं।
मुबंई पुलिस ने की ये खास अपील?
मुबंई पुलिस की ओर से कहा गया है कि बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। दृश्यता कम हो गई है। ऐसे में लोग कृपया गैर-आवश्यक यात्रा से बचें। सावधानी से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और यदि आवश्यक हो तो ही बाहर निकलें। हमारे अधिकारी और कर्मचारी हाई अलर्ट पर हैं और लोगों की सहायता के लिए तैयार हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में कृपया 100/112/103 डायल कर मदद ले सकते हैं।
