mumbai breaking news
नेटवर्क महनगर/मुंबई
मुंबई के गोरेगांव इलाके से दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक चार साल की एक मासूम बच्ची की बाथरूम में रखी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान आकृति यादव के रूप में की गई है। घटना गोरेगांव के राजीव गांधी नगर इलाके की है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्ची शारीरिक रूप से दिव्यांग थी और वह न तो चल सकती थी और न ही बोल पाती थी। मृतक बच्ची अपने माता-पिता, दो भाई-बहनों और रिश्तेदारों के साथ राजीव गांधी नगर में में रहती थी। उसके माता-पिता दिहाड़ी मज़दूर हैं। मृतक बच्ची बचपन से ही मिर्गी की बीमारी से जूझ रही थी और चेंबूर के एक न्यूरोलॉजिस्ट से उसका इलाज भी चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पिछले हफ्ते परिवार के घर पर धार्मिक कार्यक्रम हुआ था, जिसकी वजह से घर में कई रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। उस दिन सभी लोग देर रात तक जागे रहे। बच्ची अपने माता-पिता के साथ सोई हुई थी। सुबह जब मां उठी तो उसने बच्ची को बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी के अंदर पड़ा पाया। बच्ची का सिर ऊपर की तरफ और पैर बाल्टी के अंदर थे। इसके बाद परिजन तुरंत बच्ची को एम.वी. देसाई अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही दिंडोशी पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के पिता और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में एडीआर दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
