amit satam news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई महानगरपालिका चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक बड़ा फैसला लिया है। महाराष्ट्र बीजेपी ने अंधेरी पश्चिम विधानसभा सीट से लगातर तीसरी बार विधायक बने अमित साटम को मुंबई बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया है। सोमवार को सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र च्वहाण और वर्तमान मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार की मौजूदगी में अमित साटम के नाम का ऐलान किया। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखकर बावनकुले भी मौजूद रहे। अमित साटम मुंबई की अंधेरी पश्चिम सीट से पिछले चुनावे में लगातर तीसरी बार जीते हैं।
अमित साटम मुंबई उपनगर से आते हैं और बीजेपी के आक्रामक व सुलझे चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। इससे पहले राज्य सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक कार्य विभाग मंत्री आशिष शेलार के पास मुंबई बीजेपी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी थी। इस पद के लिए विधायक प्रवीण दरेकर के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन बीजेपी ने सोची-समझी रणनीति के तहत अमित साटम को यह जिम्मेदारी सौंपीं है। आज प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत अन्य नेताओं ने साटम के नाम पर मुहर लगाई। 49 वर्षीय साटम अक्टूबर 2014 से लगातार तीसरे कार्यकाल में अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य के रूप में काम कर रहे हैं।
आखिर कौन हैं अमित साटम?
15 अगस्त 1976 को मुंबई में जन्में अमित साटम ने 1998 में मुंबई विश्वविद्यालय के मिठीबाई कॉलेज ऑफ आर्ट्स से राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषय में स्नातक (बैचलर ऑफ आर्ट्स) की डिग्री पूरी की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी मिशन्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च, मुंबई विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (कार्मिक प्रबंधन) की डिग्री प्राप्त की और वर्ष 2000 में स्नातक उपाधि हासिल की।
क्यों अहम थी ये नियुक्ति?
इसी साल के अंत में बृहन्मुंबई महानगरपालिका के चुनाव हो सकते हैं। बीजेपी का सपना है कि इस बार मुंबई महानगरपालिका पर कब्जा जमाया जाए और पार्टी का महापौर मुंबई महानगरपालिका में बैठे। आज मुंबई में बीजेपी के बड़ी संख्या में विधायक हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव से भाजपा का जनाधार मुंबई में काफी बढ़ा है। ख़ासकर उपनगर में बीजेपी की ताकत अधिक है।
भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी ने (निवर्तमान) इकाई प्रमुख आशीष शेलार के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और मुंबई में अपना दबदबा कायम किया। शेलार की ओर से कैबिनेट में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाले जाने के बाद मुंबई इकाई के लिए एक नए अध्यक्ष की नियुक्ति जरूरी थी। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में राज्य स्तर पर हुई चर्चा के बाद अमित साटम को इस पद के लिए चुना गया है।
फडणवीस ने कहा कि साटम लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं और पिछले कई वर्षों में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। उन्हें एक विद्वान और दृढ़निश्चयी विधायक के रूप में जाना जाता है। साटम मुंबई के ज्वलंत मुद्दों से परिचित हैं और उन्होंने उनसे निपटने के लिए आवश्यक कौशल का प्रदर्शन किया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा आगामी नगर निगम चुनावों में अपनी जीत की लय बनाए रखेगी और हम बीएमसी में फिर से सत्ता हासिल करेंगे।
