नेटवर्क महानगर/मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव 2026 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ा दांव खेल दिया है। सपा ने ये सियासी चाल उत्तर भारतीय वोट बैंक को लेकर चली है। पार्टी का कहना है कि इस चुनाव में बीजेपी ने जिन उत्तर भारतीय प्रत्याशियों के टिकट काटे हैं, अगर वो निर्दलीय चुनाव लड़ते हैं तो सपा उन्हें समर्थन देगी। हालांकि, इसमें एक शर्त ये है कि सपा वहीं समर्थन देगी जहां उसकी पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है?
समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र के प्रदेशाध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- मुंबई महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिन उत्तर भारतीय प्रत्याशियों के टिकट काटे गए हैं, ऐसी सीटों पर जहां समाजवादी पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है, अगर वो निर्दलीय रूप से नामांकन भरते हैं तो समाजवादी पार्टी उन्हें पूरा समर्थन करेगी।
सपा विधायक अबू आसिम आजमी ने आगे कहा कि हमें गर्व है कि समाजवादी पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। हमारी पूरी कोशिश है कि समाजवादी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाया जाए। अल्पसंख्यकों और उत्तर भारतीयों के लिए न्याय तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी मजबूती से संघर्ष करेगी।
बता दें कि बीएमसी की 227 सीटों के लिए वोटिंग 15 जनवरी 2026 को होना है, जिसकी मतगणना 16 जनवरी को होगी। इसीलिए सभी पार्टियों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है।
