नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई महानगरपालिका (बीएएमसी) चुनाव के लिए मंगलवार शाम प्रचार का शोर थमने के बाद, अब उम्मीदवार व्यक्तिगत स्तर पर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं। इसी क्रम में वडाला क्षेत्र के वार्ड क्र.181 से कांग्रेस, वंचित बहुजन आघाड़ी व आरपीआई (गवई) के संयुक्त प्रत्याशी कमलेश यादव (पप्पू यादव) ने बुधवार को सघन ‘डोर टू डोर’ अभियान चलाया।
इस दौरान पप्पू यादव ने वार्ड की विभिन्न गलियों में जाकर नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए साफ-सुथरी और जनता के बीच में हर समय उपलब्ध रहने वाले प्रतिनिधि का चुनाव करें। इस बार के चुनाव की विशिष्टता पर जोर देते कांग्रेस प्रत्याशी पप्पू यादव ने कहा कि इस बार का मनपा चुनाव कई मायनों में अलग है। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि पहले मतदान फिर जलपान। उन्होंने मतदाताओं को मतदान केंद्र पर जाकर निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।
चर्चा है कि स्थानीय लोगों के बीच, पप्पू यादव की छवि एक कर्मठ व्यक्ति और समाजसेवक की है, जो अब राजनीति के माध्यम से जनसेवा के दायरे को विस्तार देना चाहती हैं। क्षेत्र के नागरिक अब कल यानी (15 जनवरी) को मतदान के दिन अपनी राय ईवीएम के जरिए दर्ज करेंगे, जहां पप्पू यादव को हर वर्ग से अच्छा समर्थन मिलने की उम्मीद है। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता बदलाव देखना चाहती है, इसलिए वे अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं।
