प्रभाग 176 को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का लिया संकल्प!
नेटवर्क महानगर/मुंबई
2 अक्टूबर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर देशभर में ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘संकल्प सेवा अभियान’ के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर एक महीने से चल रहे देशव्यापी अभियान के क्रम में एफ/उत्तर विभाग अंतर्गत प्रभाग क्र. 176 की नगरसेविका रेखा आर. के. यादव ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर गली-मोहल्ले की सफाई की और स्थानीय कार्यकर्ताओं व नागरिकों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस अभियान में वार्ड क्र.176 के जीटीबी नगर स्थित पंजाबी कॉलोनी पुलिस बीट से लेकर जयशंकर यागनिक मार्ग, इंदिरा नगर मुख्य मार्ग, शिवाजी चौक के गली-मोहल्ले, सार्वजनिक परिसर और कचरा संकलन केंद्रों पर विशेष सफाई की गई। इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और स्थानीय नागरिकों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने शपथ दिलाई गई।

..जब खुद हाथ में झाड़ू लेकर सड़क पर उतरीं!
मीडिया ने जब उनसे पूछा कि क्या ये स्वच्छता अभियान एक ही दिन के लिए है या आगे भी चलेगा? तो उन्होंने कहा, नहीं, ये ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत और गांधी जयंती के उपलक्ष्य में हमने किया है, लेकिन स्वच्छता का महत्व बहुत ज्यादा होता है। लोगों को अपने आसपास का परिसर भी साफ-सुथरा रखना चाहिए। मैं इस पर जरूर जोर दूंगी कि स्वच्छता पर रोज काम होना चाहिए। मुंबई महानगरपालिका के सफाई कर्मचारी जो काम करते हैं वो सराहनीय है।
..तो बापू के सपनों का भारत जरूर बनेगा!
स्थानीय जनता के सहयोग पर उन्होंने कहा कि लोग सहयोग करते हैं, लेकिन हम सभी रहिवासियों से अपील करते हैं कि कचरा रास्तों पर न फेंके, स्वच्छ्ता अभियान में वे हमारे साथ सहयोग करें। अंत में गांधी जयंती के संदेश पर उन्होंने कहा कि ‘बापूजी’ ने जिस भारत का सपना देखा था, अगर उसके एक प्रतिशत मूल्य और मॉडल पर भी लोग चलने लगे तो बापू के सपनों का भारत जरूर बनेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा की महिला और पुरुष पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
