नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के गोराई इलाके से दिल को दहला देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है. यहां पत्नी से विवाद के बीच पिता ने ही अपने 10 साल के मासूम की हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. गोराई पुलिस ने 40 वर्षीय व्यक्ति को ख़ुद के ही नाबालिग बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंटी राव का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था. वे पत्नी से झगड़े के बाद बेटे को घुमाने के बहाने घर से बाहर लेकर गया और उसे डुबोकर मार डाला. सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी दंपती अपने बेटे के साथ मालवणी के मलाड इलाके में रहता है। पति-पत्नी दोनों पेशे से फोटोग्राफर का काम करते हैं। दोनों गोराई बीच पर आने वाले पर्यटकों की तस्वीरें खींचने का काम करते हैं। आरोपी बंटी राव का उसकी पत्नी से वैवाहिक विवाद चल रहा था. राव पत्नी के साथ झगड़े के बाद अपने बेटे को घर से बाहर घुमाने लेकर गया और मार्वे की तरफ चला गया. दोनों फेरी में बैठकर गोराई पहुंचे. गोराई में राव और उसके बेटे ने खाना खाया. इसके बाद वह बेटे को गोराई के एक सुनसान हिस्से में ले गया और वहां बच्चे का सिर पानी में पकड़कर तब तक डुबोए रखा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. हत्या के बाद राव वहां से चला गया.
शव मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस
बुधवार, (29 जुलाई) को बच्चे का शव किनारे बहकर आ गया. गोराई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शहर के सभी पुलिस स्टेशन में पता करना शुरू किया कि कहीं किसी बच्चे के लापता होने की शिकायत तो नहीं दर्ज है. इस दौरान उन्हें मालवणी पुलिस स्टेशन में बच्चे की मां द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत मिली. पुलिस ने महिला से संपर्क किया और उसने शव की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने गोराई के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, फुटेज में मंगलवार को राव और उसका बेटा गोराई में एक साथ दिखे.
लाइफगार्ड्स ने पुलिस को बताया कि उन्होंने राव को दो खतरनाक जगहों से हटने के लिए कहा था, जहां पर्यटकों का जाना मना था. पुलिस ने आरोपी पिता को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ किया तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
