नेटवर्क महानगर/मुंबई
मलाड पूर्व स्थित कुरार विलेज से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निर्माणाधीन इमारत स्थल पर पानी से भरे एक कंस्ट्रक्शन के गड्ढे में गिरने से आठ साल के मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 19 मार्च की शाम 8 वर्षीय दिव्यांश राजेश मौर्य अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसकी गेंद पास में बने गड्ढे में चली गई और गेंद निकालने के लिए वह गड्ढे में उतरा, लेकिन पानी ज्यादा होने के कारण वह उसमें डूब गया और बाहर नहीं निकल पाया। घटना रात करीब 8 बजे कुरार गांव के अंबवाड़ी स्थित छगन पटेल चाल में हुई। लड़के की पहचान दिव्यांश राजेश मौर्य (8) के रूप में हुई है। वह एक गेंद निकालने पानी में गया था, तभी गलती से ‘मौली कंस्ट्रक्शन’ द्वारा खोदे गए एक गड्ढे में गिर गया।
कुरार गांव पुलिस स्टेशन के मुताबिक, गड्ढा पानी से भरा हुआ था, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए तुरंत कांदिवली स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उसे बचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद, अस्पताल में मौजूद असिस्टेंट मेडिकल ऑफिसर ने लड़के को मृत घोषित कर दिया। बाद में कुरार गांव पुलिस स्टेशन के पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने इस मामले की पुष्टि की। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि बिल्डर ने निर्माणाधीन इमारत पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे, जबकि यह इलाका झुग्गी-झोपड़ियों और चॉल के पास है, जहां बच्चों का हमेशा आना-जाना लगा रहता है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, खबर लिखे जाने तक इस घटना से जुड़ी और अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
