नेटवर्क महानगर/मुंबई
महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री और मुंबई भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता राज के. पुरोहित का 18 जनवरी 2026 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार बॉम्बे हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हुआ, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
श्री पुरोहित राजस्थान के सिरोही जिले के मूल निवासी थे और वे मुंबई में उत्तर भारतीय तथा राजस्थानी समुदाय के प्रमुख चेहरे माने जाते थे। उन्होंने मुंबई के मुंबादेवी और कोलाबा विधानसभा क्षेत्रों से पांच बार विधायक के रूप में सेवा की। वे महाराष्ट्र सरकार में आवास, स्कूल शिक्षा और अन्य विभागों के मंत्री रह चुके थे।
मुंबई भाजपा के अध्यक्ष और विधानसभा में मुख्य सचेतक के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भाड़ेकरू (टेनेंट) समुदाय के ‘मसीहा’ के रूप में प्रसिद्ध, उन्होंने प्रवासी और मध्यम वर्ग के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई। उनके बेटे आकाश राज पुरोहित ने बीएमसी चुनाव 2026 में वॉर्ड क्र. 221 से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है। जीत की यह खुशी दो दिन बाद राज पुरोहित के निधन से शोक में बदल गई। तमाम दिग्गज राजनेताओं ने उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें ‘मजबूत स्तंभ’ बताया और कहा कि उनकी अनुपस्थिति भाजपा परिवार में बड़ी कमी छोड़ गई है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विनोद तावड़े, उपमुख्यंत्री अजित पवार समेत कई नेताओं ने श्री पुरोहित को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
