नेटवर्क महानगर/मुंबई
मायानगरी कही जाने वाली मुंबई से दिल दहला देने एक वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही पत्नी को चलती लोकल ट्रेन के सामने धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया! यह वारदात मुलुंड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म No.1 पर हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वहीं, पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 20 घंटे के भीतर आरोपी पति राजकुमार गुप्ता को सूरत से गिरफ्तार कर लिया। घटना (14 मार्च 2026) की है, जब मृतका पुष्पा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
दरअसल, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जिससे परेशान होकर शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया। आरोपी पति राजकुमार ने पत्नी को धक्का देने के बाद अपने बच्चे को लेकर फरार हो गया था, उसे पुसिस ने सूरत से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजकुमार अवधराम गुप्ता (42) ने सफर के दौरान अपनी पत्नी को लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया। आरोपी एक इलेक्ट्रीशियन है। घटना 14 मार्च की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी थी। वहीं, अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 14 मार्च की सुबह अपनी 36 वर्षीय पत्नी पुष्पा को एक लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया। घटना के बाद, वह अपने छोटे बेटे के साथ मौके से फरार हो गया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद मृतका ने घटना से कुछ ही घंटे पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मृतक महिला के भाई ने बताया क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता कमलेशकुमार गुप्ता अपनी बहन पुष्पा और भांजे के साथ उत्तर प्रदेश के देवरिया से मुंबई आए थे। 14 मार्च 2026 को पुष्पा और उसके पति राजकुमार के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों मुलुंड पुलिस थाने तक पहुंच गए और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी वजह से, वह अपनी बहन और उसके 15 वर्षीय बेटे को वापस उनके पैतृक गांव, उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए आए थे।
कमलेशकुमार ने बताया कि थाने से बाहर निकलने के बाद वे अपना भूला हुआ वॉलेट लेने घर चले गए। इसी दौरान मुलुंड रेलवे स्टेशन पर आरोपी पति राजकुमार ने अपनी पत्नी को निशाना बनाया। जैसे ही प्लेटफॉर्म पर लोकल ट्रेन आई, उसने पुष्पा को सीधे पटरी पर धक्का दे दिया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एफआईआर (FIR) में मृतका के भाई ने बताया कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी को ट्रेन से धक्का देने के बाद मौके से फरार हो गया। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को सूचित किया तभी रेलवे अधिकारियों ने तुरंत पुष्पा को एक सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने वहां उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को सूरत से किया गिरफ्तार
इस सनसनीखेज वारदात के बाद रेलवे पुलिस हरकत में आई और क्राइम ब्रांच, एसटीएफ, ठाणे, दादर और वडाला यूनिट की विशेष टीमें बनाई गईं और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने घटना के बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया कि वह मुलुंड से ठाणे भागा और वहां से फास्ट लोकल पकड़कर दादर पहुंचा। दादर से उसने पश्चिम रेलवे की ट्रेन पकड़ी और विरार की ओर निकल गया। तकनीकी टीम ने विरार और आसपास के रेलवे स्टेशनों के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी गुजरात जाने वाली ट्रेन में सवार हो चुका है।इसके बाद पुलिस ने तुरंत अपनी रणनीति बदली और गुजरात में कार्रवाई की तैयारी शुरू की। लोहमार्ग मुंबई पुलिस ने एक टीम को तुरंत गुजरात रवाना किया और सूरत की स्थानीय क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर जाल बिछाया। आखिरकार, पुलिस ने आरोपी गुप्ता को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि घरेलू कलह और लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान होकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का केस दर्ज किया है।
