नेटवर्क महानगर/पालघर
पालघर जिले के विरार में एक चार मंजिला इमारत के चौथी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया है। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत और लगभग दर्जनों लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विरार पूर्व के नारंगी फाटा स्थित रामू कंपाउंड के विजय नगर और स्वामी समर्थ नगर के पास ”रमाबाई अपार्टमेंट” नाम की चार मंजिला इमारत के पिछले हिस्से के चौथी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया है। घटनास्थल पर एनडीआरएफ, पुलिस, फायर ब्रिगेड और वीवीएमसी ((Vasai-Virar City Municipal Corporation) के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू कर चुके हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है। मलबे में अभी भी तलाशी का काम जारी है। पुलिस ने अब तक छह लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया है। फिलहाल, आशंका जताई जा रही है कि इस इमारत के मलबे में 15 से 20 लोग फंसे हो सकते हैं। यह हादसा बीती रात एक बजे के आसपास हुआ। यह इमारत 10 साल पुरानी है और वीवीएमसी महानगरपालिका ने इसे अतिधोखादायक (खतरनाक) घोषित किया था।
घायलों और मृतकों की हुई पहचान
हादसे में मृत दो लोगों की पहचान आरोही ओंकार जोविल (24) और उत्कर्षा जोविल (1) के रूप में हुई है। वहीं, मलबे से निकाले गए लोगों में प्रभाकर शिंदे (57), प्रमिला प्रभाकर शिंदे (50), प्रेरणा शिंदे (20), विशाखा जोविल (24), मंथन शिंदे (19), प्रदीप कदम (40), जयश्री कदम (33), संजय सिंह (24), मिताली परमार (28) शामिल हैं।
