Uncategorised

Pankaj Udhas Death: नहीं रहे मशहूर गजल गायक पंकज उधास, 72 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस!

मुंबई: मशहूर गजल गायक पंकज उधास का आज 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की जानकारी उनकी बेटी नायाब ने सोशल मीडिया पर दी है। वे पैंक्रियाज कैंसर से जूझ रहे थे। लंबी बीमारी के बाद आज उनका निधन हो गया है।
गजल की दुनिया का ‘बेताज बादशाह’ कहे जाने वाले पद्मश्री पंकज उधास के जाने से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर गाने दिए। फिल्म ‘नाम’ की गजल…’चिट्ठी आई है…आज भी लोगों की जुबान पर याद है।

उनका जन्म 17 मई 1951 को गुजरात के जेतपुर में हुआ था। पंकज उधास की बेटी नायाब उधास ने पिता के निधन की पुष्टि की है। सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें 10 दिन पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। जहां सोमवार सुबह 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पंकज के परिवार में पत्नी फरीदा और दो बेटियां नायाब और रेवा हैं। उनकी बेटी नायाब उधास ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह दु:खद खबर साझा करते हुए लिखा- ‘भारी दिल और बड़े दु:ख के साथ आप सभी को सूचित करना पड़ रहा है कि लंबी बीमारी के चलते 26 फरवरी 2024 को पद्मश्री पंकज उधास का निधन हो गया है’।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम बड़े राजनेताओं के अलावा फ़िल्मी हस्तियों ने पंकज उधास के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पंकज उधास के निधन से हर कोई दु:खी है।
लोकप्रिय गायक और म्यूजिक कंपोजर शंकर महादेवन सदमे में हैं। उन्होंने पंकज उधास के निधन को संगीत जगत का बड़ा नुकसान बताया है। उन्होंने कहा कि इसकी भरपाई नहीं हो सकती। वहीं, सोनू निगम ने भी पंकज उधास के निधन पर इमोशनल पोस्ट लिखा है।
सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लिखा है- ‘मेरे बचपन का महत्वपूर्ण हिस्सा आज खो गया है। श्री पंकज उधास जी, आप हमेशा याद आएंगे। आप नहीं रहे, यह देखकर मेरा दिल भर आया है। ओम शांति’।