नेटवर्क महानगर/मुंबई
दिवाली की मंगलमय सुबह संगीत के सुरों, भक्ति भाव और सामाजिक प्रतिबद्धता के अनूठे संगम का अनुभव करने का अवसर मुंबईकरों को सुगी द्वारा आयोजित ‘दिवाळी पहाट’ नामक विशेष संगीत कार्यक्रम के माध्यम से मिला।
दादर के ऐतिहासिक छत्रपती शिवाजी पार्क में रविवार, (8 नवंबर 2026) को आयोजित इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक संगीत प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संगीत की सुरीली महफिल के साथ दिवाली के आनंद को दोगुना करते हुए, सुगी ग्रुप के माध्यम से महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त किसानों और नागरिकों के लिए कुल 2 करोड़ 15 लाख रुपये की सहायता की घोषणा की गई।
इस सुरीली सुबह के कार्यक्रम में ख्यातनाम शास्त्रीय गायक राहुल देशपांडे, लोकप्रिय अभिनेता एवं सूत्रधार संकर्षण कऱ्हाडे और गायिका प्राजक्ता शुक्रे ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, अभि मुंडे के विशेष काव्य पाठ ने कार्यक्रम में एक अलग ही रंग जमा दिया। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता स्वप्निल जोशी (पारिजात फाउंडेशन) और अभिनेता मकरंद अनासपुरे (नाम फाउंडेशन), महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (MNVS) के अध्यक्ष अमित ठाकरे की विशेष उपस्थिति रही।
दिवाली पहाट शिवाजी पार्क परिसर में एकत्र हुए हजारों संगीत प्रेमियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की खुलकर सराहना की। संगीत, संस्कृति और एक साथ मिलकर जश्न मनाने के आनंद का अनुभव कराने वाली इस वर्ष की ‘दिवाळी पहाट’ श्रोताओं के लिए अविस्मरणीय रही।
सूखा पीड़ितों के लिए ‘सुगी’ ने बढ़ाया मदद का हाथ!
महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति, पानी की तीव्र किल्लत, किसानों पर कर्ज के बढ़ते बोझ और उससे उत्पन्न होने वाली गंभीर समस्याओं के मद्देनजर सुगी की ओर से सूखा पीड़ितों के लिए 2 करोड़ 15 लाख रुपये की सहायता घोषित की गई है। इस निधि का वितरण निम्नलिखित संस्थाओं को किया जाएगा- ‘पारिजात फाउंडेशन’ (51 लाख रुपये), ‘नाम फाउंडेशन’ (51 लाख रुपये), ‘ग्राम मंगल’ (51 लाख रुपये), ‘सरस्वती देवी विद्या विकास ट्रस्ट’ (51 लाख रुपये), ‘महाजप फाउंडेशन’ (11 लाख रुपये)।
इस अवसर पर सुगी ग्रुप के संस्थापक निशांत देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति बेहद गंभीर है। पानी की कमी, कर्ज के जाल और किसानों के सामने मौजूद चुनौतियाँ हम सभी के लिए चिंता का विषय हैं। आज इन किसानों की जितनी भी मदद की जाए, वह कम है। आने वाले आठ महीने चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। सुगी के माध्यम से सामाजिक दायित्व निभाने की दिशा में हमने अपनी ओर से यह एक छोटी सी शुरुआत की है। किसान हैं तभी हम हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर खुले दिल से किसान भाइयों की मदद करनी चाहिए, यही आज की आवश्यकता है। किसानों के पीछे पूरा महाराष्ट्र मजबूती से खड़ा है, यह विश्वास उन तक पहुंचाना आज अत्यंत आवश्यक है।

संस्कृति और सामाजिक प्रतिबद्धता का अनूठा संगम!
सुगी ग्रुप द्वारा आयोजित ‘दिवाळी पहाट’ केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मुंबईकरों द्वारा वर्षों से सहेजी गई परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आत्मीयता के रिश्तों का उत्सव है। कला, संस्कृति और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सुगी ग्रुप लगातार विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन करता आ रहा है। इस वर्ष के ‘दिवाळी पहाट’ कार्यक्रम के माध्यम से श्रोताओं को संगीत का आनंद देने के साथ-साथ सूखाग्रस्त किसानों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए मदद का हाथ बढ़ाकर सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक संदेश भी दिया गया है।
