ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

Ratlam Accident: बस का इंतजार कर रहे लोगों को ट्रक ने कुचला; छह की मौत, 10 घायल!

रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे बस के इंतजार में खड़े लोगों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 10 अन्य लोग घायल बताये जा रहे हैं। जिनमें से 8 की हालत गंभीर है। एक अधिकारी ने देर शाम इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना रतलाम जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर जावरा-लेबड़ फोरलेन पर सातरुंडा चौराहे पर हुआ।

रतलाम के जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि इनके अलावा हादसे में कम से कम 10 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें रतलाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर है। एक महिला समेत दो ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में ले लिया गया और मौके से फरार हुए ट्रक ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में बिलपांक पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, महू-नीमच हाईवे पर सतरुंडा फाटक के पास बस का इंतजार करते लोग खड़े हुए थे, तभी एक तेज रफ़्तार ट्रक आया और लोगों को रौंदता हुआ चला गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर फट गया था और वह अनियंत्रित हो गया। टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वे ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 10 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वहीं हादसे में घायल विशाल चोरडिया ने कहा कि कम से कम 20 लोग ट्रक से कुचले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ क्षत-विक्षत शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। वहीं, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में से चार की पहचान भारत चंदेड़िया, पारस पाटीदा, भवरलाल और किरण के रूप में हुई है। अन्य दो की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

मां से बिछड़े घायल बेटे को कलेक्टर अपने साथ लेकर आए
जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। इप्का में कार्यरत कन्हैयालाल निवासी ग्राम बांगरोद की पत्नी राखी व डेढ़ वर्षीय पुत्र कियांश भी हादसे में घायल हो गए। राखी को गंभीर चोट आने से पहले ही अन्य घायलों को साथ जिला अस्पताल भिजवा दिया गया था। बेटा कियांश मौके पर ही रह गया था। मौके पर पता ही नहीं चल पा रहा था कि वह किसका बच्चा है। कियांश को मामूली चोट आई। उसे भाजपा नेत्री पद्मा जायसवाल ने संभाला। बाद में कलेक्टर व एसपी बिछड़े बालक कियांश को तत्काल संभालते हुए अपने शासकीय वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे व उसे उसके पिता को सुपुर्द किया। करीब एक घंटे बाद कियांश अपनी मां की गोंद में पहुंचा। कलेक्टर व एसपी ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर घायलों का हालचाल लि

मुख्यमंत्री शिवराज ने जताया शोक
हादसे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, रतलाम में ग्राम सतरुंडा के पास चौराहे पर हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय काल कवलित व घायल होने का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। शर्मा ने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

घायलों की सूची-
(1) राखी पति कन्हैया लाल धाकड़ (30) बांगरोद

(2) विशाल पिता भंवरलाल चोरड़िया (20) बखतगढ़

(3) भागीरथ पिता धूला जी चर्मकर (81) घटघारा

(4) ख़ुशबू पिता भंवरलाल (18)

(5) मधु पिता शम्भू परमार (20) ढोलाना

(6) निकिता पिता भंवरलाल चोरड़िया (05) बखतगढ़

(7) शान्तिबाई पति शम्भूलाल चर्मकर (42) धोलाना

(8) संगीता पति पारस (30) घोड़ाघाट

(9) मंगल पिता गोपाल परमार (16) ढोलाना

(10) अज्ञात महिला (35)