नागपुरब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

RSS प्रमुख मोहन भागवत बोले- अगले 30 साल में भारत होगा विश्वगुरु; हमारा दुष्प्रचार हुआ, क्योंकि दुनिया में कोई तर्क के आधार पर हमसे बहस नहीं कर सकता

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत आने वाले 20-30 साल में विश्वगुरु बन जाएगा। लेकिन भारत के विकास की गति को धीमा करने के लिए उसके बारे में गलत धारणाएं और जानकारियां फैलाई जा रही हैं क्योंकि दुनिया में कोई भी तर्क के आधार पर हमसे बहस नहीं कर सकता है।
आरएसएस प्रमुख भागवत रविवार को मुंबई में एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक चौगुले के 75वें जन्मदिन पर अमृत महोत्सव मनाया गया।

भारत को लेकर पहले स्वतंत्रता संग्राम के बाद झूठ फैलाया गया: भागवत
भागवत ने कहा कि भारत ने पिछले कुछ सालों में बहुत कुछ हासिल किया है। लेकिन दुनिया में जो गलत बातें फैलाई जा रही हैं उनसे लड़ने के लिए हमें आने वाली पीढ़ियों को तैयार करने की जरूरत है। ताकि दुनिया हमारी ओर आकर्षित हो। आजादी की पहली लड़ाई यानी 1857 के संग्राम के बाद हमें लेकर कुछ गलतफहमियां फैलाई गईं। लेकिन स्वामी विवेकानंद ने हमें दीन-हीन समझने वालों को करारा जवाब दिया था।

भारत को विश्वगुरु बनाने 2-3 पीढ़ियों को तैयार करना है: भागवत
मोहन भागवत ने कहा, जो लोग हिंदू राष्ट्र में विश्वास नहीं करते हैं, वे भी यही सोचते हैं कि भारत को तरक्की करना चाहिए। 1857 की क्रांति के बाद पूरा भारत एक होने लगा। समाज में जागरुकता बढ़ी और फिर कुछ समय बाद हम जवाब देने लायक बन गए, तब स्वामी विवेकानंद ने शुरुआत की। दुनिया में जो लोग हमें गुलाम बनाना चाहते थे, उन्हें भी अपनी सोच बदलने पर मजबूर होना पड़ा है, लेकिन संघर्ष आज भी जारी है। अब हमें नई पीढ़ी को तैयार करना है। तभी आने वाले 20-30 साल में भारत विश्व गुरु होगा।