ब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनमहाराष्ट्रमुंबई शहर

Salman Khan से मिले CM एकनाथ शिंदे, बोले- ‘गैंगवार की इजाजत नहीं, लॉरेंस बिश्नोई को खत्म कर देंगे’

मुंबई: बॉलीवुड के मेगास्टार सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग होने के तीसरे दिन यानी आज मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अभिनेता से मिलने उनके घर ‘गैलक्सी आपर्टमेंट’ पहुंचे। सीएम ने सलमान खान के साथ-साथ उनके पिता सलीम खान से भी मुलाकात की और घटना पर जानकारी ली। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही अभिनेता के घर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई। इससे पहले, सीएम ने घटना के दिन अभिनेता से फोन पर बात की थी। उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी बात की थी और अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाने का सुझाव दिया था।

बता दें कि रविवार करीब 5 बजे सुबह हेलमेट पहने बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने सलमान खान के घर के बाहर चार राउंड फायर की थी। गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान के अलावा उनका पूरा परिवार रहता है। इस फायरिंग की जिम्मेदारी खुद लॉरेंस बिश्वोई ने ली थी।

सलमान खान से मिलने के बाद सीएम एकनाथ शिंदे ने पत्रकारों से कहा- ‘मैंने सलमान खान से कहा है कि सरकार आपके साथ है, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जाएगी। हम मामले की तह तक जाएंगे। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। किसी को भी इस तरह से निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी गैंगवार की इजाजत नहीं दी जाएगी। हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम लॉरेंस बिश्नोई को खत्म कर देंगे।’

हालांकि, मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है। कोर्ट ने आरोपियों को 10 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। दोनों की गिरफ्तारी गुजरात के भुज से हुई है। मंगलवार को ही दोनों को मुंबई लाया गया और किला कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेस कर आरोपियों की जानकारी साझा की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल है, दोनों को गुजरात के भुज से गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई क्राइम ब्रांच सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों को लगतार ट्रेस कर रही थी। साथ ही सायबर टीम से डंप डाटा भी निकाला गया था। क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि दोनों आरोपियों के भुज में होने की स्पेसिफिक जानकारी मिली थी। इसके बाद भुज के स्थानीय क्राइम ब्रांच को इसकी जानकारी दी गई क्योंकि इस बात का शक था अगर बिना स्थानीय पुलिस को सूचना दिए पुलिस आरोपियों को पकड़ने गई तो उनपर भी फायरिंग हो सकती है, क्योंकि आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। इसके मद्देनजर पुलिस ने एहतियात बरता और स्थानीय पुलिस की टीम को साथ में लिया। ऐसे में क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर की अगुवाई में एक टीम भुज पहुंची थी।

आरोपी को मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया
पुलिस टीम ने आरोपी को एक मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के टॉप अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मगर आरोपी मंदिर में कैसे और क्यों गए थे इस बात का खुलासा नहीं हो सका है? क्राइम ब्रांच चीफ ने इस बात को इंकार नहीं किया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका है या नहीं? उनका ये कहना है कि पेपर वर्क के बाद दोनों को मुंबई लाने पर हर एंगल को खंगाला जाएगा।

मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम ने दोनों आरोपियों को भुज में माता के मढ़ के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विक्की साहब गुप्ता (24 साल) और सागर श्रीजोगेंद्र पाल (21 साल) के रूप में हुई है। सूत्रों की मानें तो दोनों आरोपी बिहार के चंपारण के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शर्ट में नजर आ रहे आऱोपी का नाम सागर पाल है। जबकि टी-शर्ट पहने आरोपी का नाम विकी गुप्ता है।
मंदिर परिसर में शिनाख्त के बाद दोनों शूटर्स को आसानी से हिरासत में ले लिया गया। सबसे बड़ी बात ये है कि जिस पिस्टल से अभिनेता के घर पर फायरिंग की गई थी उस पिस्टल को बरामद नहीं किया जा सका है। आरोपियों की तलाशी में हथियार नहीं मिले हैं। पूछताछ में आरोपी खुलकर बता नहीं रहे हैं। अंदेशा है कि आरोपियों ने हथियार या तो कहीं छुपा दिया या फिर फेक दिया। उसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। इस मामले में पिस्टल का मिलना बेहद अहम होगा। क्योंकि पुलिस को एक लाइव कार्टेज भी मिला है, ऐसे में बैलिस्टिक रिपोर्ट बेहद अहम होगी। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि कई सालों से अभिनेता सलमान खान और उनके परिवार को बिश्नोई गिरोह जैसे पंजाब स्थित कुछ माफिया समूहों से जान से मारने की धमकियां दी गई हैं।

गोलियों की तड़तड़ाहट से घबराए सलमान
अभिनेता के घर के बाहर दिन-दहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट के बाद चारों तरफ हलचल मच गई है। भाईजान के फैंस भी बेहद घबरा उठे हैं। इन सबके बीच अब सलमान खान का भी रिएक्शन सामने आया है। घर के बाहर गोलीबारी होने के बाद भाईजान बेहद डर गए हैं।
जूम टीवी से बातचीत के दौरान खान परिवार के एक करीबी सूत्र ने बताया कि ‘सलमान खान को अपने परिवार की चिंता सता रही है। उन्हें खुद की जान की कोई फिक्र नहीं है। लेकिन वे अपनी फैमिली की जान जोखिम में नहीं डाल सकते।

पिता सलीम कर रहे हैं दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी
करीबी सूत्र ने आगे ये भी बताया कि सलमान खान ने इस वक्त खुद को शांत किया हुआ है। खान परिवार में सभी अंदर से घबराए हुए हैं लेकिन कोई भी चेहरे पर इसे जाहिर नहीं होने दे रहा। सभी एक-दूसरे के साथ हिम्मत से खड़े हैं। लेकिन सबको पता है कि जिस दिन से उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है, उस दिन से सलीम खान की रातों की नींद उड़ चुकी है। अब उन्होंने गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ेने का फैसला लिया है। वो अब कोई बेहतर और सुरक्षित जगह पर शिफ्ट होने की प्लानिंग कर रहे हैं।