नेटवर्क महांनगर/मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से हैरान कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक शख्स को सांसद कोटे से घर लेने की चाहत काफी महंगी पड़ गई है। दरअसल, मुंबई में एक शख्स के साथ शिवसेना नेता राहुल शेवाले के सांसद कोटे से घर का वादा कर के ठगी की गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, शख्स से 1.12 करोड़ रुपये की ठगी की गई है।
जानें- क्या है पूरा मामला?
मुंबई में एमएमआरडीए का घर दिलाने के नाम पर 1.12 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। डोंगरी पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शयफान मकबूल शेख समेत छह लोगों को आरोपियों ने झांसा दिया कि कुर्ला के कुरेश नगर स्थित MTHL परियोजना प्रभावितों के लिए बने एमएमआरडीए (MMRDA) के घर कम कीमत पर उपलब्ध कराए जाएंगे। आरोपियों ने यह भी दावा किया कि ये घर सांसद राहुल शेवाले के सांसद कोटे से जुड़े हैं और इन्हें मालिकाना हक के साथ दिलाया जाएगा।
आखिर कैसे की गई ठगी?
पीड़ितों ने छह फ्लैटों के लिए ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 1 करोड़ 12 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने एमएमआरडीए के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर वाले अलॉटमेंट लेटर तथा कब्जा रसीदें सौंप दीं। जांच में यह भी सामने आया कि पीड़ितों को फ्लैटों में अवैध रूप से प्रवेश दिलाया गया था। फिलहाल, पुलिस ने यूनुस शेख, सचिन यादव, हनुमंत देवधरकर, अक्षय रुपवते और फैसल नाम के व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
