Mumbai Police
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई पुलिस ने गुरुवार, 2 अक्टूबर को मनाये जाने वाली विजयादशमी, दशहरा और नवरात्रि के उत्सवों से पहले सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस उत्सव के दौरान मुंबई में बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देवी प्रतिमाओं के भव्य विसर्जन जुलूसों के आयोजन को देखते हुए मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) की देखरेख में सुरक्षा-व्यवस्था को चाकचौबंद बनाई है।
मुंबई में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने और यातायात प्रबंधन के लिए, शहरभर में सात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 26 पुलिस उपायुक्त, 52 सहायक पुलिस आयुक्त, 2,890 पुलिस अधिकारी और 16,552 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, त्योहारों और समारोहों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर एसआरपीएफ प्लाटून, रैपिड रिस्पांस टीम, दंगा नियंत्रण दल, डेल्टा फोर्स, कॉम्बैट यूनिट और होमगार्ड सहित विशेष इकाइयाँ भी तैनात की गई हैं।
वहीं, मुंबई पुलिस ने मुंबईकरों से अधिकारियों के साथ सहयोग करने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में संयम बरतने और कोई भी संदिग्ध या अवांछित वस्तु मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया है। सहायता के लिए नागरिक पुलिस हेल्पलाइन 100 या 112 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
