उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

UP के CM योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन, दिल्ली के एम्स में ली अंतिम सांस

नयी दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया।
एम्स के मुताबिक, सुबह 10.45 पर सीएम योगी के पिता ने अंतिम सांस ली। अब शव को पैतृक गांव पंचूर (उत्तराखंड) ले लाया जा रहा है। एम्‍स ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन की पुष्‍टि कर दी है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह उन्‍हें लाइफ सपोर्ट सिस्‍टम पर एंबुलेंस के जरिये उत्तराखंड में पैतृक गांव पंचूर में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। उनकी हालत बेहद गंभीर थी। इस बीच उनका निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। यूपी सरकार ने आनंद सिंह बिष्ट के निधन की पुष्टि की है।
यूपी के अडिशनल चीफ सेक्रटरी (होम) अवनीश अवस्थी ने बताया, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का आज सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर स्वर्गवास हो गया है। हम उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हैं।

पिछले महीने एम्स में हुए थे भर्ती
उत्तराखंड में पौड़ी जिले के यमकेश्वर के पंचूर गांव के निवासी आनंद सिंह बिष्ट (89) की बीते महीने ज्यादा तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स लाया गया था। यहां उन्हें एबी वॉर्ड में रखा गया था। गैस्ट्रो विभाग के डॉक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। रविवार को उनकी अचानक तबीयत फिर से खराब हो गई थी।

अपने माता-पिता के साथ योगी आदित्यनाथ, संन्यासी होने की वजह से अपने माता-पिता से कम ही मिल पाते थे योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

1991 में फॉरेस्ट रेंजर के पद से हुए थे रिटायर
आनंद सिंह बिष्ट को लंबे समय से लीवर और किडनी की समस्या थी। डॉक्टरों ने उनकी डायलिसिस भी की थी। पौड़ी में तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पहले जॉलीग्रांट के हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने के बाद उन्हें एयर ऐंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया। यूपी सीएम के पिता उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर थे। वह 1991 में रिटायर हो गए थे। रिटायरमेंट के बाद से वह अपने गांव में आकर रहने लगे थे।