नेटवर्क महानगर/आगरा
यूपी के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक ट्यूशन टीचर पर 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील बातें करने और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। छात्रा के पिता ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी ट्यूशन टीचर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 और 8 के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया और उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया है। पीड़ित लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि न्यू कौशलपुर निवासी महेंद्र सिंह की 14 साल की नाबालिग बेटी पिछले 10 महीने से ‘गुरु वशिष्ठ क्लासेस’, नगला बूढ़ी चौराहा पर पुनीत वशिष्ठ के यहां ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। पिछले लगभग दो महीने से ट्यूशन टीचर पुनीत उनकी बेटी के साथ अश्लील बातें और हरकतें कर रहा था। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पुनीत एक्स्ट्रा क्लासेस के नाम पर छात्रा को अकेले में बुलाकर उसके साथ नाजुक अंगों से छेड़छाड़ करता था। विगत 23 जून को शाम 5 बजे जब छात्रा ट्यूशन गई थी, तब आरोपी टीचर पुनीत ने एक बार फिर उसके साथ अश्लील बातें और हरकतें कीं। इतना ही नहीं वह छात्रा से गर्लफ्रेंड बनने के लिए भी कहता था।
छात्रा ने माता-पिता को बताई टीचर की हरकतें
घर आकर छात्रा ने यह बात अपने माता-पिता को बताई। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक आगरा के एक नामी सीबीएसई स्कूल में गणित का टीचर है, जिसे शिकायत के बाद तुरंत स्कूल प्रबंधन ने सेवा मुक्त कर दिया है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
