उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़

UP: मेरठ में दिनदहाड़े गुटखा के पैसों के विवाद में चाय वाले की गोली मारकर हत्या

मेरठ: यूपी के मेरठ जिले के मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार के पास शुक्रवार दोपहर एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक एक चाय की दुकान चलाता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ओंकार के रूप में हुई। वह मेरठ के कुटी चौराहा इलाके का रहने वाला था। वह मेडिकल थाना इलाके के जागृति विहार में एक चाय की दुकान चलाता था। गोली चलने के बाद पूरे एरिया में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओंकार की दुकान पर दोपहर करीब एक बजे दो युवक चाय पीने आए थे। गुटखे के पैसे को लेकर ओंकार और युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने उन पर नजदीक से गोली चला दी।
बदमाशों ने ओंकार को करीब दो राउंड गोलियां मारी, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शहर पुलिस अधीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि दो अज्ञात हमलावरों ने दुकानदार ओंकार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश की जा रही है। एएसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आईओ ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। घटना कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

होमगार्ड है ओंकार का भाई
मिली जानकारी के मुताबिक, ओंकार चार भाई हैं। सबसे बड़े सागर, दूसरे नंबर पर ओंकार, तीसरा भाई मुन्ना भारती, चौथा भाई मिहिर चंद है। मुन्ना भारती यूपी पुलिस में होमगार्ड है। ओंकार पिछले 10 सालों से चाय का खोखा चलाता आया है। उनके 4 बच्चे हैं। एक लड़की, 3 लड़के है। तीनों बेटे मजदूरी करते हैं।
होमगार्ड भाई मुन्ना ने बताया कि भाई यहां चाय की दुकान करते थे, अभी किसी ने उनको गोली मार दी है। दो लोग बाइक से आए और गोली मारकर चले गए हैं। हम लोग मूल रूप से गांवड़ा गांव परीक्षितगढ़ मेरठ के रहने वाले हैं। भाई बहुत ही सीधे व्यक्ति थे, उनका कभी किसी से विवाद नहीं हुआ।