नेटवर्क महानगर/जौनपुर
मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामनगर में शनिवार की देर रात बाइक सवार दो सगे भाइयों की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों मुंगरा बादशाहपुर से अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कई राउंड गोलियां चलाई गई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के मझगांवा चंदौकी गांव निवासी शाहजहां (60) और उनके छोटे भाई जहांगीर (45) व्यापारी हैं। दोनों सगे भाई बाइक से मुंगरा बादशाहपुर आए थे। जहां से वे देर रात अपने घर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे रास्ते में रामनगर के पास पहुंचे थे तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। घटना के बाद जुटे ग्रामीणों के मुताबिक शाहजहां की मौके पर ही मौत हो गई। जहांगीर की हालत नाजुक थी। सूचना पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर कर दिया। इस बीच रास्ते में उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार, सीओ मछली शहर प्रतिमा वर्मा, थानाध्यक्ष मुंगरा बादशाहपुर केके सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार करवा दिया है। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। थानाध्यक्ष सिंह ने बताया कि बदमाशों ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।

बाइक नहीं रोकी तो घेरकर बरसाई गोलियां!
शाहजहां के बेटे आफताब आलम ने बताया कि पापा और चाचा जहांगीर दोनों छोटे भाई कि शादी का कार्ड बांटने के लिए सुबह 9 बजे निकले थे। वह बुआ के यहां मल्हनी गए थे। जहां से देर रात घर वापस आते समय बदमाशों ने रामनगर गांव के पास उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से दोनों भाई बाइक से गिर गए। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखा तो दोनों भाई खून से लथपथ सड़क पर तड़प रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों भाइयों को प्रयागराज रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में ही ले जाते समय शाहजहां की मौत हो गई। जहांगीर को प्रयागराज के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
