नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई महानगरपालिका के सुरक्षा दल के रिक्त पदों पर जल्द ही भर्ती की जाएगी। यह जानकारी प्रमुख सुरक्षा अधिकारी अजित तावड़े ने दी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा दल में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही भांडुप संकुल में एक अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने का कार्य भी प्रगति पर है।
बीएमसी के सुरक्षा दल का 60वां स्थापना दिवस रविवार को भांडुप संकुल स्थित सुरक्षा दल प्रशिक्षण केंद्र में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर वर्ष 2025–26 के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों व खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।
मनपा उपायुक्त (उद्यान) अजित कुमार आंबी ने कहा कि जिस प्रकार बीएमसी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में विश्वभर में प्रतिष्ठित है, उसी तरह सुरक्षा दल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को सुरक्षा-व्यवस्था के मामले में अग्रणी बने रहना चाहिए। सुरक्षा से जुड़े नवीनतम तकनीक को अपनाने, शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक तंदुरुस्ती पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा दल की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा भव्य, सुसंगठित और अनुशासित पथसंचलन प्रस्तुत किया। साथ ही विभिन्न कवायदों का प्रदर्शन कर दल की दक्षता, अनुशासन और साहस का प्रभावशाली परिचय दिया गया। प्रमुख सुरक्षा अधिकारी अजित तावड़े ने बताया कि पिछले 60 वर्षों से सुरक्षा दल के अधिकारी और कर्मचारी अत्यंत जिम्मेदारी व निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। मनपा कार्यालयों, अस्पतालों, जलाशयों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा कर रहे हैं।
