Kapal Bhairav Temple
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी के कज्जाकपुरा स्थित लाट भैरव मंदिर में शनिवार, (9 मई 2026) को जेठ (ज्येष्ठ) माह की कालाष्टमी के पावन अवसर पर विशेष पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए बाबा श्री कपाल भैरव का दर्शन-पूजन किया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान देवाधिदेव महादेव के रुद्रावतार माने जाने वाले बाबा श्री कपाल भैरव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन एवं श्रृंगार किया गया। पूजन के उपरांत बाबा को खीरा, केला, फालसा, आम, जामुन, तरबूज और खरबूजा सहित विभिन्न मौसमी फलों का भोग अर्पित किया गया।
इस मौके पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर अद्भुत भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। शनिवार देर रात तक आचार्य रविंद्र त्रिपाठी के आचार्यत्व में हवन-पूजन का कार्यक्रम निरंतर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच बाबा भैरव की आराधना की। विशेष आकर्षण के रूप में हजारे दीपक से बाबा की भव्य आरती उतारी गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। दीपों की रोशनी और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोहित जायसवाल, मुन्ना लाल यादव, विक्रम सिंह राठौर, शिवम अग्रहरि, बच्चे लाल बिंद, आशीष कुशवाहा, रवि कुशवाहा, पवन गुप्ता और आलोक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
