नेटवर्क महानगर/वाराणसी
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। आरोपी ने अप्रैल महीने में आजमगढ़ से बांद्रा जा रही स्पेशल ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल और नकदी उड़ाई थी। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। घटना के बाद मामले की जांच के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली गई। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बनारस रेलवे स्टेशन के समीप से देवरीलाल पुत्र स्वर्गीय अंगूर लाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से कछवा, मिर्जापुर का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच टीम यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले या बाद में ट्रेनों अथवा रेलवे स्टेशनों पर चोरी की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले अपराधियों की पहचान के लिए सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद ली जा रही है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

जीआरपी कैंट प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि संयुक्त टीम की कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा है या नहीं।
