varanasi news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी में आईपीएल (IPL) मैच पर सट्टा लगाते हुए चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। कैंट पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इन सटोरियों को पकड़ा। इनके पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क की जांच में जुटी है।
कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस को बीती रात कैंट थाना क्षेत्र के टैगोर टाउन कॉलोनी स्थित एक मकान में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर थाना कैंट और एसओजी-2 की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस ने मौके से चार सटोरियों को हिरासत में लिया। इनकी पहचान गणेश नगर कॉलोनी निवासी संजय राय (पुत्र अशोक राय), विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी निवासी मृणाल सिंह (पुत्र प्रतीक सिंह), नारायणपुर शिवपुर निवासी अभिषेक सिंह (पुत्र शैलेंद्र प्रताप सिंह) और डीआईजी कॉलोनी निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ शानू (पुत्र विराज सिंह) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सटोरियों के पास से 30,700 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए सट्टेबाजों ने बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए IPL क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते थे। वे खिलाड़ियों और टीमों पर दांव लगाते थे। सट्टेबाजी के लिए वे ऐप के बजाय वेबसाइट का उपयोग करते थे, विशेष रूप से UP365 नामक वेबसाइट का।
सटोरियों ने बताया कि वे वेबसाइट का इस्तेमाल इसलिए करते थे ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिले। मैच खत्म होने के बाद वे ब्राउज़र से हिस्ट्री और कैश क्लियर कर देते थे। इस मामले में पुलिस ने 3/4 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट शिवाकांत मिश्रा, चौकी प्रभारी अर्दली बाजार उमाशंकर, एसओजी-2 प्रभारी अभिषेक पांडेय, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल सचिन मिश्रा, अखिलेश गिरी, अखिलेश यादव और अतुल कुमार पांडेय शामिल रहे।
पुलिस की सख्ती से मचा हड़कंप!
आईपीएल के शुरू होते ही हुई इस कार्रवाई से सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस लगातार अपराधियों पर नकल करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। इसी दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी की सूचना पुलिस को मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना के आधार पर दबिश दिए जाने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस तरह के अवैध कारोबार में जो भी लोग संलिप्त होंगे उनके खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
