varanasi news
नेटवर्क महानगर/वाराणसी
वाराणसी कमिश्नरेट के थाना फूलपुर पुलिस ने रविवार, (12 अक्टूबर) को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राम करवल उर्फ बुच्चर पुत्र स्व. रोशन करवल, निवासी करवल बस्ती, थाना फूलपुर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी फूलपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कंजर बस्ती, फूलपुर के पास अवैध कच्ची शराब लेकर ग्राहकों की तलाश में घूम रहा है। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच घेराबंदी की और आरोपी को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब पूछताछ की तो अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह यह अवैध कच्ची शराब जौनपुर बॉर्डर क्षेत्र से लाता था और उसे क्षेत्र में पैसों के लालच में बेचता था। उसने बताया कि इसी अवैध कारोबार से वह अपनी आजीविका चलाता था। आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी भी मांगी। फिलहाल, थाना फूलपुर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।
गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
