बाबा कीनाराम स्थल
अंकेश जायसवाल/वाराणसी
शारदीय नवरात्रि का समापन नवमी के दिन धूमधाम और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन मौके पर रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम जन्मस्थली ‘क्रीं-कुण्ड’ में आयोजित नवमी कन्या व भैरव पूजन पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यहां उमड़ने लगी और पूरा परिसर ‘जय माँ सर्वेश्वरी’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजयमान हो उठा। हर कोई इस आस्था के सैलाब में डूबा दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम परिसर की विधिवत साफ-सफाई और दैनिक आरती-पूजन से हुई। इसके बाद पीठाधीश्वर अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के नेतृत्व में नवमी कन्या पूजन का आयोजन प्रारंभ हुआ। परंपरागत तरीके से के नौ छोटी कन्याओं को देवी के स्वरूप में और एक छोटे बालक को भैरव बाबा के रूप में प्रतिष्ठित किया गया। बालिकाओं को सुंदर वस्त्र, आभूषण और श्रृंगार से सुसज्जित कर देवी रूप में विराजमान कराया गया, वहीं बालक का विशेष श्रृंगार कर उन्हें भैरव स्वरूप में आसीन किया गया।

पीठाधीश्वर ने स्वयं सभी कन्याओं और भैरव स्वरूप बालक के चरण पखारे। तत्पश्चात उनका पूजन, आरती और विधि-विधान से श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने इस पूजन को दिव्य अनुष्ठान के रूप में अनुभव किया। इसके उपरांत नौ कन्याओं और भैरव जी को विभिन्न व्यंजनों और पकवानों का भोग अर्पित किया गया। पूजन के बाद उपस्थित भक्तों ने उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजन के दौरान वातावरण भक्ति रस से परिपूर्ण रहा।
नवरात्रि पूजन के आचार्य श्री प्रकाश जी की अगुवाई में चल रहे अनुष्ठान में भक्तों की सहभागिता उल्लेखनीय रही। चारों तरफ से ‘जय माँ सर्वेश्वरी’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष गूंजते रहे। पूजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यह भंडारा देर शाम तक अनवरत चलता रहा।
बता दें कि अघोरपीठ ‘बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुण्ड’ में आयोजित नवरात्रि पर्व और नवमी कन्या पूजन न केवल वाराणसी, बल्कि देश-विदेश के साधकों और भक्तों को भी आकर्षित करता है। हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु पहुंचते हैं और इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनते हैं। इस बार भी भक्तों का उत्साह चरम पर रहा और सभी ने माँ सर्वेश्वरी की कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गौरतलब है कि अघोर पीठ बाबा कीनाराम स्थल अघोरी संप्रदाय का प्रमुख तीर्थस्थल है। यहां बाबा कीनाराम की समाधि है, जिन्हें अघोरी संप्रदाय का संस्थापक और भगवान शिव का अवतार माना जाता है। यह स्थान ‘क्रीं-कुंड’ के नाम से भी जाना जाता है और अघोर भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र है।
