नेटवर्क महानगर/विरार
विरार पूर्व स्थित चंदनसार इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) प्लांट के पास स्थित झील में डूबने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवक किसी कारणवश झील के पास पहुंचा था, तभी वह अचानक पानी में गिर गया और गहरे पानी में जाने के कारण बाहर नहीं निकल सका। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज पानी और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घटना की जानकारी मिलते ही विरार पुलिस और फूलपाड़ा फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बचाव दल ने बिना समय गंवाए तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद गोताखोरों की मदद से युवक का शव झील से बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय पुष्पेंद्र शौंधिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्यप्रदेश का रहने वाला था और इसी प्लांट में मजदूर के रूप में काम करता था। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार सुबह अचानक ब्लड प्रेशर कम होने के कारण उसे चक्कर आया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह झील में गिर गया। सोमवार देर रात उसका इलाज भी एक लोकल हॉस्पिटल में हुआ था।
विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर एल. एम. तुरे ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक, मंगलवार सुबह उसका ब्लड प्रेशर अचानक कम हो गया होगा और इसी वजह से वह अपना बैलेंस खोकर झील में गिर गया होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह एक दुर्घटनावश डूबने का मामला माना जा रहा है। विरार पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि झील के आसपास सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि झील में पानी की गहराई अधिक थी और दृश्यता भी कम थी। इसके बावजूद टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकाला। पुलिस घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी रही ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मज़दूर झील में कैसे गिरा?
