ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Worli Hit and Run Case: नशे की हालत में कार चला रहा था मिहिर; महिला को दी मौत!

मुंबई: महाराष्ट्र में दो महीने के भीतर नशे में गाड़ी चलाने की तीसरी घटना सामने आई है। यहाँ रविवार की सुबह मुंबई के वर्ली इलाके में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति प्रदीप नखवा (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला की पहचान वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (45) के रूप में हुई है, जो ससून डॉक से मछली खरीदकर उसे बेचने के लिए अपने पति के साथ वापस जा रही थी। हादसे के बाद आरोपी महिर शाह गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि स्कूटी सवार दंपति रविवार तड़के वर्ली के अटरिया मॉल के सामने से जा रहे थे तभी बीएमडब्ल्यू ने दंपति को रौंद दिया, जिसमें वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (45) की जान चली गई, जबकि पति प्रदीप नखवा गंभीर रूप से जख्मी है। बीएमडब्ल्यू पालघर स्थित शिवसेना के नेता की है। प्रदीप नखवा और उनकी पत्नी कावेरी मछली लेने के लिए ससून डॉक गए थे। वापसी में एक बीएमडब्ल्यू कार ने उनके स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में ये दोनों घायल हो गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहाँ इलाज के दौरान कावेरी ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि गोरेगांव जाते समय मिहिर शाह खुद ही कार चला रहा था। इसी बीच फोरेंसिक टीम जांच के लिए वर्ली पुलिस स्टेशन पहुंची, फोरेंसिक टीम अब कार की जांच करेगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिर शाह के पिता राजेश शाह और ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ कर रही है। कार मिहिर शाह नाम का 24 वर्षीय युवक चला रहा था। मृतक कावेरी को कार के बोनट पर लगभग 100 मीटर तक घसीटा गया, उसके बाद उसे सड़क पर फेंक दिया गया। कावेरी का पति किसी तरह गाड़ी के बोनट से कूद गया, लेकिन महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद से महिर शाह फरार है।
मिहिर शाह के पिता राजेश शाह, एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी के पालघर जिले के उपनेता नेता हैं।

इस मामले पर परिमंडल- 3 के पुलिस उपायुक्त कृष्णकांत उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। फिलहाल, इस बात की जांच चल रही है कि कार कौन चला रहा था? फिलहाल, ड्राइवर राजऋषि और राजेश शाह को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी शराब पीकर गाड़ी चला रहा था?

जुहू में नेता के बेटे ने पी थी शराब!
बताया जा रहा है कि शिवसेना नेता के बेटे मिहिर ने जुहू के एक बार में पहले शराब पी। जब वह घर लौट रहा था तो उसने वर्ली के पास ड्राइवर से कहा कि वह कार चलाना चाहता है। जैसे ही उसने गाड़ी संभाली, वैसे ही तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटनाग्रस्त कार मिहिर शाह के नाम पर है और मिहिर कार का दूसरा मालिक है। हादसे के बाद मिहिर कार को बांद्रा के कलानगर में छोड़कर भाग गया। उसने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर फोन बंद कर दिया। मिहिर 10वीं पास हैं। उसका परिवार एक निर्माण व्यवसाय का मालिक है। मिहिर की तलाश में पुलिस की टीमें उसके घर पर पहुंची तो मिहिर की मां, दो बहनें घर में ताला लगाकर फरार हैं। पुलिस मिहिर की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

मेरी पत्नी अब दो बच्चों को छोड़कर चली गयी
घटना के बारे में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदीप नखवा की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा, उस कार ने मेरी पत्नी को वर्ली में सीजे हाउस से वर्ली सी लिंक तक पहुंचाया। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं बचा था मेरी पत्नी अब दो बच्चों को छोड़कर चली गयी है। हम मछली बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं, अब हम कैसे जियें? आज इस पार्टी के लोग एक दूसरे की आलोचना कर रहे हैं।लेकिन पीछे से वे आरोपियों का समर्थन करते हैं। हमें कौन बचाएगा?

आखिर क्या है पूरा मामला?
वर्ली पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सुबह लगभग 5.30 बजे, प्रदीप नखवा अपनी पत्नी कावेरी नखवा के साथ एनी बेसेंट रोड, वर्ली से अपनी सुजुकी कंपनी एक्सेस स्कूटर नंबर एमएच 01, डीयू 6418 चला रहे थे। इसी बीच लैंडमार्क जीप शोरूम के सामने डाॅ. एनी बेसेंट रोड पर उपरोक्त बीएमडब्ल्यू कार नं. एम. एच 48, ए. कार K-4554 ने स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने इस मामले में मिहिर शाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी फरार है। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 105, 281, 125, 1,281, 125 (बी), (बी), 238, 324 (4) और 184, 134 (ए), 134 (बी), 187 के तहत मामला दर्ज किया।

सरकार के सामने हर घटना एक समान: सीएम शिंदे
पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैंने सुबह पुलिस से बात की है। कानून के सामने हर कोई समान है और सरकार के सामने हर घटना एक समान है। हर चीज से कानूनी तरीके से निपटा जाएगा। पुलिस किसी का समर्थन नहीं करेगी या किसी को बचाने की कोशिश नहीं करेगी। यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक घटना है।

‘हिट एंड रन केस’ पर संजय राउत क्या बोले?
वर्ली हिट एंड रन मामले पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि गुंडों का एक गिरोह महाराष्ट्र सरकार चला रहा है। अगर राज्य में कानून व्यवस्था है तो उन्हें आरोपी मिहिर शाह को गिरफ्तार करना चाहिए।

घटना पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए: आदित्य ठाकरे
पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा, ड्राइवर भाग गया है…युवक गाड़ी चला रहा था। पुलिस को उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। मैंने मृतक महिला के पति से मुलाकात की है। मैं यह मुद्दा उठाता रहा हूं कि मुंबई में मोटर चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहे हैं, इसलिए सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी दिखनी चाहिए। आप सब कुछ सीसीटीवी कैमरों पर नहीं छोड़ सकते। (दुर्घटना के बारे में) सब कुछ सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। घटना पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। एक आदमी की आंखों के सामने उसकी पत्नी की जान चली गई है। परिवार को बड़ा धक्का लगा है। जो भी शख्स गाड़ी चला रहा था, उसको इस एक्सीडेंट के मामले में कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए।