नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार, (11 जून) सुबह उस समय हुई जब एक लोकल ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से खोपोली की ओर जा रही थी। ट्रेन वांगानी रेलवे स्टेशन पार कर चुकी थी, तभी लगेज कंपार्टमेंट में सीट को लेकर कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक यात्री पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने शोर मचाया और मामले की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल तथा संबंधित अधिकारियों को दी। ट्रेन के अगले स्टेशन पर पहुंचते ही घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए उतारा गया और अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कर्जत रेलवे पुलिस (GRP) अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया था। वह चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है और अभी उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित की पहचान सतीश पाठक (26) के रूप में हुई है, जो मुंबई के मस्जिद बंदर का रहने वाला है। घटना के बाद कर्जत जीआरपी ने मामले की तफ्तीश शुरू की। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले गए और लोगों से पूछताछ की गई। कई घंटों की मेहनत के बाद जीआरपी शुरुआत में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल रही। इन आरोपियों की पहचान इमरान इदरीस अंसारी (18) और करण कन्हैयालाल अग्रवाल (22) के रूप में हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि गुप्त जानकारी के आधार पर की गई कार्रवाई में जीआरपी आरोपियों को पकड़ पाई। हालांकि, एक युवक तब फरार हो गया था। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने अपनी कार्रवाई को और तेज कर दिया था। हालांकि, जीआरपी तीसरे आरोपी को भी हिरासत में लेने में सफल रही है। तीसरा आरोपी नाबालिग है और उसे फिलहाल बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
इस घटना के बाद लोकल ट्रेन यात्रियों में दहशत का माहौल देखा गया। यात्रियों ने कहा कि भीड़भाड़ के समय इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि, रेलवे पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि लोकल ट्रेनों में यात्रा के दौरान किसी भी तरह के विवाद या हिंसा को गंभीर अपराध माना जाता है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत सुरक्षाकर्मियों को सूचित करें और खुद कानून हाथ में न लें। फिलहाल, घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
