palghar ashramshala 2 students of class 9 and 10 commit suicide in Maharashtra
नेटवर्क महानगर/पालघर
पालघर जिले में वाडा तालुका के अंबिस्ते स्थित आश्रमशाला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो नाबालिग छात्रों ने स्कूल में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद स्कूल प्रिंसिपल पर एक्शन लिया गया।
मृतक छात्रों की पहचान देवीदास परशुराम न वले और मनोज सीताराम वड के रूप हुई है। दोनों छात्र मोखाडा तालुका के निवासी थे। आत्महत्या करने वाले छात्रों में 10वीं कक्षा का देवीदास नवले और 9वीं कक्षा का मनोज वाड शामिल हैं।दोनों ने स्कूल परिसर में कपड़े टांगने वाली रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे आश्रमशाला परिसर और वाडा तालुका में सनसनी फ़ैल गई है। छात्रो की आत्महत्या के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर केस दर्ज किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पालघर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनायक नारले, सांसद हेमंत सावरा और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष प्रकाश निकम मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जब मामला बढ़ा और घटना ने तूल पकड़ा तो प्रशासन की ओर से भी एक्शन लिया गया और स्कूल के प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों छात्र आश्रमशाला में ही रहकर पढ़ाई कर रहे थे। हालांकि, दोनों ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया और उनकी खुदकुशी करने के पीछे क्या वजह थी? इसके कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ था, जो छात्रों ने इतना ख़ौफ़नाक कदम उठा लिया। पढ़ाई का दबाव या कुछ और?
