नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई के मीरा रोड (पूर्व) स्थित जेपी नार्थ सोसायटी में गुरुवार, (16 जुलाई) की शाम एक बड़ा हादसा हुआ। यहां सोसायटी एरिया में जेपी इंफ्रा के निर्माणाधीन हाईराइज प्रोजेक्ट में लगी एमसीएलपी क्रेन अचानक टूटकर गिर गई। हादसे में 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। इसके अलावा परिसर में खड़ी दर्जनों गाड़ियां भी क्रेन की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मृतक की पहचान मुजम्मिल खोखर के रूप में हुई है।

क्रेन के गिरते ही इलाके में तेज आवाज हुई और अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद मजदूरों व कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, दमकल विभाग और अन्य बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
हादसे की सही वजह अभी पता नहीं चली है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं कि क्रेन गिरने की वजह टेक्निकल खराबी, लापरवाही या सेफ्टी नियमों का उल्लंघन था, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से मौके से दूर रहने की अपील की है, क्योंकि इस घटना ने एक बार फिर कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स की सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
