नेटवर्क महानगर/मुंबई
पश्चिम रेलवे की भायंदर आरपीएफ टीम ने वसई रोड स्थित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) टीम के साथ मिलकर शुक्रवार को मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर एक महिला कमर्शियल बुकिंग क्लर्क के साथ दुर्व्यवहार करने वाले यात्री का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, भायंदर चौकी की आरपीएफ टीम ने जीआरपी वसई रोड के साथ मिलकर आरोपी की पहचान कर उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मीरा रोड (पूर्व) निवासी असलम अनवर खान (84) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी असलम खान ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद, जीआरपी/वसई रोड के पुलिस निरीक्षक ने आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे 10 सितंबर, 2025 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ भायंदर और जीआरपी वसई रोड द्वारा की गई यह त्वरित और समन्वित कार्रवाई न केवल यात्रियों, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
