नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में मिलावटी दूध के धंधे के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। इसी बीच मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और बृहन्मुंबई फूड सेफ्टी ऑफिसर्स के साथ मिलकर दहिसर (पूर्व) इलाके से एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी मशहूर दूध कंपनियों के पैकेट में गंदा पानी मिलाकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था।

अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दहिसर (पूर्व) में राजेश कंपाउंड के पास दुबे चॉल नंबर 2 के रूम नंबर B-3 में फॉर्म्युलेट दूध तैयार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान करीब 470 लीटर दूध बरामद किया गया। जांच में पता चला कि अमूल ताज़ा, अमूल गोल्ड, अमूल बफेलो और गोकुल जैसे नामी ब्रांड के असली दूध के पैकेट से दूध निकालकर, उसमें गंदा पानी मिलाकर पैकेट को दोबारा सील करके असली प्रोडक्ट बताकर बाजार में बेचा जाता था। ऑपरेशन के दौरान नकली ब्रांडेड दूध के 327 पैकेट, पैकेट रीसील करने का सामान और एक मोबाइल फ़ोन भी ज़ब्त किया गया। ज़ब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 39,750 रुपये बताई गई है। वहीं, करीब 29,750 रुपये का मिलावटी दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी असली दूध के पैकेट से दूध निकालकर उसमें गंदा पानी मिलाते थे। इसके बाद उन पैकेट को रीसील करके असली ब्रांड के नाम से बाज़ार में बेच देते थे। ऐसा मिलावटी दूध खासकर बच्चों और बुज़ुर्गों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इस मामले में इंडियन पीनल कोड (BNS) और फ़ूड सेफ़्टी एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फ़िलहाल, आरोपी पुलिस कस्टडी में है और मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 मामले की जांच कर रही है।
